
MDM अस्पताल के शौचालय में कुछ युवक कर रहे थे नशा, फिर एक की संदिग्ध हालात में मौत से मची सनसनी
जोधपुर. मथुरादास माथुर अस्पताल के सर्जिकल आइसीयू के सार्वजनिक शौचालय में एक युवक की संदिग्ध हालात में मृत्यु हो गई। शास्त्रीनगर थाना पुलिस ने मंगलवार को मर्ग दर्ज कर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया।
थानाधिकारी राजेन्द्रसिंह के अनुसार सर्जिकल आइसीयू के सार्वजनिक शौचालय में सोमवार देर रात कुछ युवक घुसे और दरवाजा अंदर से बंद कर दिया। युवक अंदर ही नशे का सेवन करने लगे। वार्ड में मरीज के परिजन को शौचालय की आवश्यकता हुई, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी आग्रह के बावजूद युवकों ने दरवाजा नहीं खोला। बाद में कुछ और परिजन वहां आए। उन्होंने विरोध शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद सार्वजनिक शौचालय का दरवाजा खोला जा सका, जहां मसूरिया में शांति नगर निवासी विक्की उर्फ विक्रम (25) पुत्र रामस्वरूप वाल्मिकी बेहोश मिला। पुलिस की मदद से उसे ट्रोमा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव मोर्चरी में रखवा दिया गया। इस बीच, मंगलवार सुबह परिजन मोर्चरी आए और शव की शिनाख्त की।
शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं था। मृतक के भाई की तरफ से मर्ग दर्ज किया गया। कोविड-19 की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाया। इसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का कारण पता लग पाएगा। वैसे पुलिस को आशंका है कि गर्मी में नशे के अधिक सेवन से युवक की मृत्यु हो सकती है। मृतक घर से अलग सड़क किनारे ही रहता था।
Published on:
09 Jun 2020 07:45 pm
