
जोधपुर में दिव्यागों-बुजुर्गों की सेवा के लिए लगेगा मेगा कैम्प, वितरित किए जाएंगे करीब 10 हजार उपकरण
ranveer choudhary/जोधपुर. दिव्यांगों और वृद्धजनों की सेवा व सहायता के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गृहनगर में मेगा कैंप आयोजित किया जाएगा। सूर्यनगरी के लिए यह सम्भवत: यह पहला मौका होगा जब करीब साढ़े तीन करोड़ रुपए के 10 हजार दिव्यागों व बुजुर्गों को उनकी जरूरत के उपकरण वितरित किए जाएंगे। यह राशि भामाशाहों के सहयोग और विधायक कोष से जुटाई गई है।
उम्मेद राजकीय स्टेडियम में सामाजिक न्याय व आधिकारिता विभाग व जिला प्रशासन की मेजबानी में आयोजित होने वाले मेगा कैंप की तैयारियां शुरू हो गई है। इसके चलते स्टेडियम में खेल गतिविधियों के लिए पहले से करवाई गई बुकिंग भी रद्द की जा रही है। कैंप की तारीख हालांकि अभी तय नहीं हुई है, लेकिन 22 से 28 दिसम्बर के बीच किसी भी दिन यह कार्यक्रम हो सकता है। मुख्यमंत्री गहलोत भी इसमें शरीक होंगे। उनके कार्यक्रम के मुताबिक जिला प्रशासन कैंप की तारीख तय करेगा।अतिरिक्त जिला कलक्टर एमएल नेहरा के अनुसार शिविर में स्मार्ट ट्राई साइकिल, व्हील चेयर, बेसाखी, श्रवण यंत्र , लो विजन यंत्र, ब्रेल लेखन यंत्र, ट्राइपोड सहित करीब 10 हजार उपकरण वितरित किए जाएंगे।
अधिकारियों ने लिया जायजा
शिविर की तैयारियां पिछले तीन-चार दिन से की जा रही है। पहले शिविर बरकतुल्लाह खान स्टेडियम में आयोजित करने पर भी विचार हुआ था। लेकिन अब पुराने स्टेडियम को ही चुना गया है। जिला कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित ने अधिकारियों की टीम के साथ स्टेडियम का दौरा भी किया।
पुष्करणा फुटबॉल स्थगित
मेगा कैंप को देखते हुए स्टेडियम में 22 से 28 दिसम्बर तक होने वाली पुष्करणा फुटबॉल प्रतियोगिता भी स्थगित कर दी गई है। अखिल भारतीय पुष्टिकर सेवा परिषद ने प्रतियोगिता के लिए दो माह पहले स्टेडियम की बुकिंग करवाई थी। परिषद के महामंत्री अमरचंद पुरोहित का कहना है कि उम्मेद स्टेडियम की अनुपलब्धता के कारण प्रतियोगिता स्थगित की गई है। प्रतियोगिता अब गर्मी की छुट्टियों में करवाई जाएगी।
Updated on:
20 Dec 2019 01:35 pm
Published on:
20 Dec 2019 01:35 pm
