
गाजीपुर की घटना एवं किसानों के समर्थन में सौंपा ज्ञापन
भोपालगढ़, (पसं). केन्द्र सरकार के कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली बॉर्डर पर चल रहे किसान आंदोलन का समर्थन करने एवं गुरुवार को गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों के साथ अपनाए गए सरकार के कथित दमनकारी रवैये के खिलाफ शुक्रवार को ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश जाखड़ की अगुवाई में भोपालगढ़ क्षेत्र के किसानों, युवाओं एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्थानीय तहसील कार्यालय के सामने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही कृषि कानूनों को वापस लेने एवं किसानों पर हुए अत्याचार के विरोध में राष्ट्रपति के नाम तहसीलदार मनोहरसिंह को ज्ञापन भी सौंपा।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेश जाखड़ ने बताया कि देश भर में पिछले करीब दो माह से कृषि कानूनों का जमकर विरोध हो रहा है और हजारों किसान भीषण सर्दी में भी सडक़ों पर बैठे इंसाफ मांग रहे हैं। इन अन्नदाताओं के समर्थन में भोपालगढ़ में भी किसान सम्मेलन व किसान ट्रैक्टर परेड के आयोजन के माध्यम से केंद्र सरकार के काले कृषि कानूनों का लगातार विरोध किया जा रहा है। इस बीच गुरुवार को दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर पर किसान नेता राकेश टिकैत व सैकड़ों किसानों पर सरकार की बर्बरता को लेकर पूरे देश के किसानों में भारी रोष व्याप्त है। जिसको लेकर भोपालगढ़ क्षेत्र के किसानों, युवाओं व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को ब्लॉक अध्यक्ष राजेश जाखड़ की अगुवाई में स्थानीय तहसील कार्यालय के सामने जमकर नारेबाजी एवं प्रदर्शन कर केंद्र सरकार की दमनकारी नीति एवं कृषि बिलों का विरोध किया गया। साथ ही इस संबंध में सैकड़ों किसानों ने तहसीलदार मनोहरसिंह को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के नाम ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में सरकार की दमनकारी नीति का विरोध जताते हुए कृषि कानूनों के साथ किसान नेताओं पर किए गए मुकदमे वापस लेने तथा दिल्ली के गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों पर अत्याचार कर हटाने की बजाय उनके लिए सुविधाएं बढ़ाने की मांगें की गई। इस दौरान किसान नेता राजेश जाखड़ के साथ ही पूर्व उपप्रधान लिखमाराम पूनिया, पूर्व पंसस मिश्रीलाल मोसलपुरी, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष मनोहर मेघवाल, किसान कांग्रेस जिला सचिव शिंबुभाई प्रजापत, सौरभ शर्मा, नरेश चौधरी, जोधाराम चौटिया, रामकुमार भनंगा, बादरराम ग्वाला, विष्णु गोदारा, आरसी जाखड़, सुभाष जलवानिया, राजूराम ग्वाला व राजू कटारिया सहित कई किसान, ग्रामीण व युवा शामिल हुए।
Published on:
29 Jan 2021 09:44 pm
