
प्रदेश के 5 शहरों में पारा 40 डिग्री को पार, फलोदी 41.6 डिग्री के साथ सर्वाधिक गर्म
जोधपुर. बादल छंटने और नीला आकाश रहने से मारवाड़ के अधिकांश हिस्सों में तापमान में वृद्धि होने लगी है। लंबे अरसे बाद मंगलवार को प्रदेश के पांच शहरों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया। फलोदी 41.6 डिग्री के साथ सर्वाधिक गर्म रहा। हवा में नमी कम होने से उमस के स्थान पर अब सूखी गर्मी महसूस होने लगी। पश्चिमी जिलों में अब बरसात की संभावना नहीं के बराबर है।
सूर्यनगरी में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री रहा। सुबह हवा में 84 प्रतिशत नमी रहने के कारण हल्की उमस थी लेकिन दिन चढऩे के साथ खुले आसमां से तेज धूप बरसने लगी। दोपहर में तापमान 39.2 डिग्री तक पहुंच गया लेकिन वातावरण में केवल 36 फीसदी नमी रहने से उमस का असर नजर नहीं आया। शुष्क गर्मी जरुर रही। शाम ढलने के बाद भी कुछ राहत रही।
3 महीने बाद उमस से मिली निजात
मारवाड़ में 25 जून को मानसून ने प्रवेश किया था। तब से लेकर अब करीब तीन महीने तक लोग उमस भरी गर्मी से परेशान रहे। जोधपुर सहित अधिकांश हिस्सों में बारिश तो हुई लेकिन लगातार नहीं रहने से मानसूनी मौसम की जगह नमी भरे मौसम ने लोगों को परेशान किए रखा।
कहां-कितना तापमान
शहर --------- तापमान
फलोदी---------- 41.6
बाड़मेर --------- 41.2
जैलसमेर ------ 40.6
चूरू ------------ 40.4
श्रीगंगानगर ---- 40
Published on:
23 Sept 2020 09:16 am
