
बाड़मेर में पारा 35 डिग्री के समीप
जोधपुर. संभाग के अधिकांश हिस्सों में बादलों की हल्की आवाजाही के साथ रात और दिन के तापमान में बढ़ोतरी का सिलसिला बना रहा, जिससे दिन के साथ अब रात में भी सर्दी से राहत मिलती नजर आई। अधिकांश जगहों पर रात का तापमान दस डिग्री से ऊपर चल रहा है वहीं बाड़मेर में गुरुवार को दिन का तापमान 35 डिग्री के समीप पहुंच जाने से दोपहर में धूप में पसीने छूटने लग गए। मौसम विभाग के अनुसार तापमान में उतार चढ़ाव का यह क्रम बना रहेगा। शुक्रवार को भी बादलों की हल्की आवाजाही हो सकती है।
सूर्यनगरी में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 13.5 डिग्री रहा। तापमान में उछाल आने से सुबह सर्दी का असर अपेक्षाकृत कम रहा। फिर भी शहरवासियों को सुबह-सुबह गर्म कपड़े पहनने पड़े। सूरज के निकलने के बाद सर्दी का असर कम होन लगा। सुबह 11 बजे सर्दी पूरी तरीके से कम हो गई। धूप में तपिश महसूस होने लगी। दोपहर में पारा 31.2 डिग्री पर पहुंचा। फलोदी में रात का तापमान 14.6 और दिन का 31.8 डिग्री रहा। बाड़मेर और जैसलमेर में न्यूनतम तापमान क्रमश: 15.4 व 13.6 और अधिकतम 34.2 व 31 डिग्री मापा गया।
Published on:
11 Feb 2021 09:37 pm
