
माउंट आबू में पारा 7 डिग्री, सर्दी से बदली दिनचर्या
जोधपुर. लगातार तीसरे दिन मंगलवार को ठण्डी बयार के कारण तापमान में गिरावट देखने को मिली। माउंट आबू में तापमान ७7 डिग्री तक पहुंच गया। वहां तेज सर्दी की वजह से सैलानियों को गर्म लबादे ओढऩे पड़े। जोधपुर में भी रात का तापमान 12.4 डिग्री पर आ गया। देर रात और सुबह सर्दी रहने से लोग गर्म कपड़ों में नजर आए। चूरू 6.3 डिग्री के साथ सर्वाधिक ठण्डा स्थान रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और अधिक गिरावट आ सकती है।
सूर्यनगरी में मंगलवार को न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब चार डिग्री कम 12.7 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह-सुबह ठण्ड रहने से लोगों को मोटे कपड़े पहनने पड़े। घर की छतों पर रखी पानी की टंकियों से आ रहे ठण्डे पानी में कइयों को स्नान करने में दिक्कत आई। सूरज के क्षितिज पर चढऩे के साथ साथ सर्दी का असर कम होता गया। ठण्डी हवा चलने से धूप सुहानी लग रही थी। दिन में तापमान तीस डिग्री के आसपास रहा। जिले के ग्रामीण हिस्सो में भी कमोबेश यही मौसम रहा।
बिजली की खपत कम हुई
पिछले तीन दिनों से सर्दी का मौसम शुरू होते ही बिजली की खपत कम हो गई है। घरों में पंखें बंद हो गए है। कूलर की साफ-सफाई करके उन्हें ठिकाने लगा दिया गया है। रेफ्रिजरेटर का तापमान भी कम किया गया है। बिजली बचने से डिस्कॉम ने राहत की सांस ली है।
कहां-कितना तापमान
स्थान ------- तापमान
चूरू ------- 6.3
माउंट आबू -------7
सीकर ------- 9
अलवर -------10
श्रीगंगानगर -------11.9
जोधपुर -------12.7
भरतपुर -------- 13
जयपुर -------15.3
बीकानेर -------12
बाड़मेर -------16.3
जैसलमेर -------12.3
Updated on:
06 Nov 2018 05:31 pm
Published on:
06 Nov 2018 05:31 pm
