
शराब के लिए मांगे पैसे, दुकानदार से की मारपीट
भोपालगढ़ (जोधपुर). खेड़ापा कस्बे के बस स्टेण्ड पर गुरुवार की रात एक शराबी व्यक्ति ने यहां स्थित एक डेयरी की दुकान पर शराब के पैसे मांगने के नाम पर जमकर उत्पात मचाया और डेयरी संचालक के साथ मारपीट व लूटपाट भी की।
इस घटना के विरोध में खेड़ापा कस्बे के सभी दुकानदारों ने एकजुट होकर शुक्रवार को विरोध-प्रदर्शन भी किया और उसकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर करीब दो-ढाई घंटे तक दुकानें बंद रखने के साथ ही थाना प्रभारी ओमप्रकाश कासनिया को ज्ञापन भी सौंपा। थाना प्रभारी के आश्वासन एवं आरोपित की गिरफ्तारी के बाद ही दुकानदारों ने अपनी दुकानें खोली।
क्षेत्र के बिरानी गांव निवासी महेंद्र टाक पुत्र रामूराम माली ने खेड़ापा पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह खेड़ापा कस्बे के बस स्टैंड पर डेयरी की दुकान चलाता है। गुरुवार की रात करीब 9 बजे वह अपनी दुकान पर बैठा था। इस दौरान खेड़ापा निवासी श्रवणपुरी पुत्र शंकरपुरी शराब के नशे में धुत्त होकर उसकी डेयरी पर आया और शराब के लिए पैसे मांगने लगा। लेकिन जब उसने पैसे देने से मना किया, तो श्रवणपुरी ने उसकी दुकान में घुसकर दुकान के गल्ले में हाथ डालते हुए वहां रखे करीब 15000 में से 7000 रुपए छीन लिए और बाकी रुपए उसकी दुकान में नीचे गिर गए। जिस पर उसने शराबी श्रवणपुरी को रोकने की कोशिश की, तो उसने डेयरी संचालक महेन्द्र के साथ भी मारपीट करनी शुरु कर दी और दुकान में रखे सामान में भी तोडफ़ोड़ करने लगा।
आरोपित ने दुकान में रखे फ्रिज को भी नुकसान पहुंचाया और फ्रिज में रखे दूध-दही आदि सामग्री भी जमीन पर बिखेर दी। इतने में वहां हुए शोर-शराबे को सुनकर पड़ोस में ही दुकान करने वाले हीराराम कुरडिय़ा व अन्य दुकानदार भी वहां पहुंच गए और बीच-बचाव कर बड़ी मुश्किल से डेयरी संचालक को छुड़ाया। इस दौरान भी जाते-जाते शराबी व्यक्ति ने उसे धमकी दी कि उसके नाम से सब लोग डरते हैं और अगर यहां डेयरी चलानी है, तो उसे हफ्ता वसूली देनी पड़ेगी। अन्यथा उसकी दुकान नहीं चलने देगा और तीन दिन के अंदर ट्रक से कुचलकर जान से मारने की धमकी भी दी।
Published on:
28 Sept 2018 11:08 pm
