
Weather: देश के आधे हिस्से से मानसून की विदाई
- अगले 10 दिन शुष्क रहेगा मौसम, फिर गिरेगा दिन का पारा
जोधपुर. देश के आधे हिस्से से मानसून की विदाई हो चुकी है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को समूचे राजस्थान, गुजरात, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश के अलावा महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के आधे हिस्से से मानसून की रवानगी की घोषणा कर दी। मौसम विभाग के अनुसार आगे भी मानसून के पीछे हटने के लिए अनुकूल परिस्थितियां है। इसी के साथ राजस्थान में अगले 10 दिनों तक शुष्क मौसम रहेगा। इस दौरान दिन में तीखी धूप निकली होने से तपिश का मौसम रहने की संभावना है जबकि आसमां साफ होने से रात में पारा तेजी से नीचे लुढ़कने के चलते गुलाबी सर्दी भी बनी रहेगी। अक्टूबर के तीसरे सप्ताह में दिन का तापमान नीचे आने से कुछ राहत मिलेगी।
सूर्यनगरी में न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सि यस रिकार्ड किया गया। सुबह वातावरण में आपेक्षिक आर्द्रता 78 फीसदी होने की वजह से मौसम में हल्की ठंडक घुली रही लेकिन दिन में पारा चढ़ने के साथ तीखी धूप निकलने से मौसम सामान्य होता गया। दोपहर में तापमान 35.2 डिग्री पर पहुंचा। धूप तेज होने से तपिश महसूस हो रही थी। शाम ढलने के बाद मौसम सुहाना हो गया। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी ऐसा ही मौसम रहा। जैसलमेर में दिन का तापमान 38.7, चूरू में 38.4 और श्री गंगानगर में 39 डिग्री तक पहुंचा।
मौसम विभाग के अनुसार अक्टूबर महीने में दिन व रात के तापमान में कोई बड़ा उतार चढ़ाव नहीं होगा। रात को गुलाबी सर्दी का मौसम रहेगा और दिन में धूप निकली रहेगी। दिन में पारा तीस डिग्री के पास आने पर ही हल्की सर्दी शुरू होगी।
Published on:
08 Oct 2023 07:50 pm
