
जोधपुर.
कुड़ी भगतासनी थानान्तर्गत विवेक विहार के सेक्टर-के स्थित सीवरेज लाइन के मेन हॉल में सोमवार को एक महिला का कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई। कंकाल छह माह से एक साल पुराना हो सकता है। पुलिस को अंदेशा है कि हत्या के बाद साक्ष्य छुपाने के लिए शव को सीवरेज लाइन में डाला गया होगा। दो माह के भीतर सीवरेज लाइन में शव मिलने का दूसरा मामला है।
थानाधिकारी जुल्फिकार अली ने बताया कि विवेक विहार के सेक्टर-के में सीवरेज लाइन के मेन हॉल खुले हैं। एक मेन हॉल के पास से सुबह कुछ बच्चे निकल रहे थे। वे मेन हॉल में झांसे में तो मानव कंकाल व हड्डियां नजर आईं। जिसे देख बच्चे घबरा गए। वे नजदीक स्थित सांगरिया पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों को अवगत कराया। सांगरिया निवासी जालम सिंह ने पुलिस को सूचना दी।
एडीसीपी उमेश ओझा, सहायक पुलिस आयुक्त (बोरानाडा) मांगीलाल, थानाधिकारी जुल्फिकार व अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। आस-पास के लोगों की मदद से कंकाल बाहर निकलवाया गया। लम्बे बाल, हाथ में चुड़े होने से कंकाल के महिला का होने की पुष्टि हुई। उसने महिला जैसे कपड़े भी पहले हुए थे, लेकिन काफी पुराना होने से कपड़े सड़ गल गए थे।
एफएसएल टीम व एम्स से चिकित्सक मौके पर बुलाए गए। बारीकी से जांच के बाद कंकाल को एम्स मोर्चरी में रखवा दिया गया। जालमसिंह की तरफ से अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया। पुलिस कंकाल की पहचान के प्रयास कर रही है। साथ ही आस-पास के क्षेत्र से किसी महिला के लापता होने के बारे में भी पता लगाया जा रहा है।
गौरतलब है कि गत अगस्त में नांदड़ी स्थित मकान में कृषि विभाग के एएओ चरणसिंह चौधरी की हत्या कर शव के पांच टुकड़े कर सीवरेज लाइन में डाल दिए गए थे। बनाड़ थाना पुलिस ने हत्या के आरोप में मंगेतर व दो सालियों सहित चार जनों को गिरफ्तार किया था।
चोरी के लिए ढक्कन हटाने से सामने आया कंकाल
पुलिस का कहना है कि विवेक विहार के सुनसान क्षेत्र में अनेक मेन हॉल खुले पड़े हैं। चोरी की नीयत से चोर ढक्कन खोलकर उसमें से लोहा निकालकर बेचते हैं। मेन हॉल का ढक्कन हटाने से ही कंकाल सामने आया। वरना वो सीवरेज में ही पूरी तरह सड़-गल जाता।
छह से एक साल पहले हत्या कर सीवरेज में डाला
सीवरेज में महिला का शव कंकाल में तब्दील हो चुका था। इसीलिए शव की पहचान होने में मुश्किल आ रही है। कंकाल करीब छह माह या एक साल पुराना हो सकता है। पुलिस को अंदेशा है कि छह माह से अधिक समय पहले हत्या कर शव सीवरेज में डाला गया होगा।