11 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

नाडी को मॉडल तालाब बनाने के नाम पर 13 लाख का गबन

- सरपंच, जेइएन समेत 6 पर आरोप - जिला कलक्टर ने गठित की जांच कमेटी
2 min read
Google source verification
Nadi drops 13 lakhs on the name of making model pond

नाडी को मॉडल तालाब बनाने के नाम पर 13 लाख का गबन

जोधपुर.
जिले की बापिणी तहसील में पूनासर ग्राम पंचायत में गांव के तालाब को मॉडल तालाब बनाने के नाम पर 13 लाख 28 हजार रुपए के गबन का मामला सामने आया है। एमजी नरेगा योजना के तहत इसके लिए 35 लाख रुपए मंजूर हुए थे। इस राशि से तालाब की खुदाई, दीवार और दो घाट बनाने का काम होना था। लेकिन बिना काम किए करीब 13 लाख रुपए उठा लिए गए। इस काम के लिए गांव के उन लोगों को भी मजदूर बताया गया जो सालों से बड़ौदा में रह रहे हैं। ग्रामीणों की ओर से सरपंच, जेइएन, ग्रामसेवक, पंचायत सहायक, बीसी (ई-मित्र) व ठेकेदार के खिलाफ शिकायत करने पर जिला कलक्टर ने जांच कमेटी गठित की है।

पूनासर निवासी मूलाराम, कपिल देव व अन्य ग्रामीणों ने गत 23 जनवरी को सरपंच व उनके साथियों के खिलाफ 13.28 लाख के गबन की शिकायत जिला कलक्टर प्रकाश राजपुरोहित को की थी। शिकायतकर्ता कपिल देव के अनुसार एमजी नरेगा योजना के तहत गांव की बिवणी नाड़ी को मॉडल तालाब बनाने के लिए 35 लाख रुपए स्वीकृत हुए थे। मॉडल तालाब बनाने के लिए पहले गांव के मजदूरों से तालाब की खुदाई करवानी थी। इसके बाद तालाब के चारों ओर दीवार बनाने के साथ ही लोगों व मवेशियों के लिए दो घाट बनाने थे।

शिकायतकर्ताओं का कहना है कि सरपंच व उसके साथियों ने तालाब में खुदाई किए बिना मस्ट्रोल गांव के लोगों के नाम से 13 लाख 28 हजार उठा लिए। इसके लिए उन्होंने गांव के लोगों के साथ कई सालों से बड़ौदा में रहे लोगों के नाम मस्ट्रोल में डाल दिए। ग्रामीणों के सरपंच, ग्राम सेवक, पंचायक सहायक, बीसी(ई-मित्र), जेइएन(जेटीए) व ठेकेदार के खिलाफ शिकायत पर जिला कलक्टर ने एमजी नरेगा के एइएन सोहन शर्मा को कमेटी गठित कर मामले की जांच करवाने के निर्देश दिए। शर्मा ने दो एइएन, दो पीओ और एक जेइएन की जांच कमेटी गठित की। इससे पहले जिला कलक्टर ने बीडीओ आइदान सिंह को मौके का निरीक्षण करने के निर्देश दिए थे। निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने ग्रामीणों के समक्ष तालाब में काम नहीं होने की बात कही।

काम की जगह को लेकर विरोधाभास

‘तालाब में काम हुआ लेकिन शिकायकर्ता व सरपंच के बीच काम करने की जगह लेकर विरोधाभास है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि काम नहीं हुआ।
जेइएन, मनीष मीणा

........
चुनाव का विवाद है

‘सरपंच चुनाव के विवाद का बदला लेने के लिए दूसरे पक्ष के लोगों ने शिकायत की है। तालाब में काम तो हुआ है।
चूनाराम, महिला सरपंच के काकी ससुर

.........
जांच कमेटी गठित

‘मामले की जांच के लिए दो एइएन, दो पीओ व एक जेइएन की कमेटी बनाई गई है। जांच रिपोर्ट सोमवार तक तैयार हो जाएगी।
सोहन शर्मा, एमजी नरेगा, एइएन