
Education Department of rajasthan, education department, Ashok Gehlot, Cm Ashok Gehlot, jodhpur education department, jodhpur news, jodhpur news in hindi
अभिषेक बिस्सा/जोधपुर. प्रारंभिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग के कार्यालयों को एक ही छत के नीचे स्थापित करने के लिए गत राज्य सरकार ने 2017 में आदेश निकाला था। इसके लिए जोधपुर शिक्षा विभाग के जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक (मुख्यालय) ने जगह चिन्हित कर राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजा था, इस नई एकीकृत प्रणाली में शिक्षा विभाग ने ब्लॉक लेवल पर जिला शिक्षा अधिकारी लगाए थे। ऐसे में अब सरकार बदलने के बाद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के शहर जोधपुर में भव्य शिक्षा संकुल बनने की उम्मीद जग गई है।
हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लगने के कुछ माह पूर्व ही राज्य सरकार ने जोधपुर में शिक्षा विभाग को शिक्षा संकुल बनाने के लिए जगह चिन्हित करने के लिए कहा था। जिसमें शिक्षा विभाग के डीईओ माध्यमिक मुख्यालय ने जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक मुख्यालय और तत्कालीन उपनिदेशक माध्यमिक जोधपुर मंडल के कार्यालय की जमीन को संयुक्त कर शिक्षा संकुल बनाने के लिए प्रस्ताव भेजा था। इसी प्रस्ताव के तहत यहां शिक्षा संकुल की स्थापना होनी है। शिक्षा संकुल बनाने के लिए जोधपुर में बाहर से कई अधिकारी लोकेशन भी आकर देख रहे हैं।
ये फायदा होगा
1-शिक्षा विभाग के वर्तमान में सभी कार्यालय बिखरे हुए हैं।
2-शिक्षा संकुल स्थापित होने के बाद निजी स्कूलों के मान्यता संबंधी कार्य, अभिभावकों की शिकायत संबंधी प्रकरण व शिक्षकों को विभिन्न समस्याओं के लिए शिक्षा विभाग के समस्त कार्यालयों में भटकना नहीं पड़ेगा।
3-बाहर से आने वाले ग्रामीणों को कई बार जोधपुर में शिक्षा विभाग के कार्यालय की जानकारी नहीं होती। इस कारण उन्हें भी इधर-उधर अपनी शिकायतों को लेकर भटकना पड़ता है।
4- एक जगह पर शिक्षा संकुल होगा तो विभाग की शेष जमीनों का सरकार दूसरा उपयोग भी ले सकेगी।
5-शिक्षा से जुड़ी समस्त समस्याओं का निराकरण एक ही स्थान पर होने लगेगा।
वर्तमान में यह है स्थिति
वर्तमान में जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक मुख्यालय का कार्यालय उम्मेद क्लब रोड पर है। पुलिस लाइन रोड पर जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक मुख्यालय व नव सृजित कार्यालय ( जो पहले उपनिदेशक माध्यमिक जोधपुर मंडल था) संयुक्त निदेशक शिक्षा विभाग जोधपुर संभाग आसपास बने हुए हंै। इसके अलावा राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान व सर्व शिक्षा अभियान एकीकृत होने के बाद समग्र शिक्षा अभियान का कार्यालय रोटरी चौराहा स्थित एक सरकारी स्कूल की बिल्डिंग में संचालित हो रहा है। प्रारंभिक शिक्षा जोधपुर मंडल का कार्यालय, जो अब मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय बन गांधी मैदान स्थित परिसर में चल रहा है। शिक्षा संकुल बनेगा तो ये सभी कार्यालय एक ही जगह संचालित होंगे।
इनका कहना
इसके लिए प्रस्ताव पहले भेज दिया गया था। अधिकारी आकर मौके का जायजा ले रहे हैं। भव्य आदि बनाने का कार्य अब सरकार पर निर्भर है।
- बंशीधर गुर्जर, संयुक्त निदेशक, शिक्षा विभाग, जोधपुर संभाग
Published on:
18 Dec 2018 12:05 pm
