
मिशन श्वास बैंक ने मातृ-शिशु अस्पताल को दी नई सौगात
भोपालगढ़ (जोधपुर) . कस्बे के राजकीय सामुदायिक अस्पताल में नवनिर्मित मातृ एवं शिशु इकाई में खुले पड़े आंगन पर मिशन श्वास बैंक की ओर से बड़े टीनशेड का निर्माण करवाकर सोमवार को सीएचसी प्रभारी डॉ. दीपक माथुर व टीम को सुपुर्द किया।
जानकारी के अनुसार राजकीय अस्पताल की मातृ एवं शिशु इकाई में ओपीडी एवं प्रसव इकाई के मध्य खुला आंगन होने से इसमें हर समय पक्षी विचरण करते रहते हैं और कई पक्षी यहां मर भी जाते हैं।
इसके साथ ही ये पक्षी अस्पताल के बीच आंगन में बीट आदि कर गंदगी भी करते रहते हैं और इससे यहां बदबू सी आती रहती है। साथ ही इससे यहां भर्ती होने वाली महिलाओं व बच्चों तथा खासकर प्रसव वाले जच्चा-बच्चा को भी संक्रमण का खतरा बना रहता है। लेकिन फिलहाल अस्पताल के पास इस खुले आंगन को ढकने का कोई बजट उपलब्ध नहीं है।
इस पर अस्पताल प्रशासन ने मिशन श्वास बैंक की टीम को इस समस्या से अवगत कराया, तो टीम ने इसे प्राथमिकता से लेते हुए मात्र एक सप्ताह में ही करीब 62 हजार रुपए की लागत से 34 गुणा 16 फुट का आकर्षक व मजबूत टीनशैड बनवा दिया और चारों ओर हवा के लिए डेढ़ फीट ऊंची जाली लगवाकर अस्पताल को सुपुर्द किया।
Published on:
24 May 2021 11:48 pm
