
जोधपुर। जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव में विभिन्न पदों के लिए नामांकन बुधवार को दाखिल किए जाएंगे। एपेक्स के चार पदों के लिए नामांकन एमबीएम इंजीनियरिंग कॉलेज के सिविल विभाग और संकायों के नामांकन संबंधित डीन कार्यालय में जमा करवाने होंगे। केएन कॉलेज में एपेक्स पदों के नामांकन कॉलेज में ही और सांयकालीन अध्ययन संस्थान के एपेक्स पदों के नामांकन संस्थान में ही दाखिल किए जाएंगे।
बुधवार सुबह दस बजे से दोपहर तीन बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकते हैं। इसके बाद 3 से लेकर शाम 5 बजे तक नामांकन पत्रों की छंटनी की जाएगी। साथ ही वैद्य उम्मीदवारों सूची घोषित की जाएगी। अगले दिन गुरुवार सुबह 10 बजे चुनाव लडऩे वाले प्रत्याशियों की सूची चस्पा की जाएगी। सुबह 11 से 2 बजे तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकते हैं। शाम पांच बजे तक चुनाव लडऩे वाले प्रत्याशियों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। चुनाव के लिए मतदान 10 सितम्बर को सुबह 8 से दोपहर एक बजे तक होगा। मतगणना अगले दिन 11 सितम्बर को होगी।
चुनावी प्रचार प्रसार जोरों पर
जेएनवीयू छात्रसंघ चुनाव की तारीख नजदीक आने के साथ ही प्रत्याशियों ने जोर-शोर से प्रचार करना शुरू कर दिया है। एबीवीपी के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी मूल सिंह सेतरावा और एनएसयूआई के प्रत्याशी सुनील चौधरी ने एमबीएम इंजीनियङ्क्षरग कॉलेज में प्रचार प्रसार किया। दोनों छात्र नेताओं ने कक्षाओं में घूम घूमकर छात्र छात्राओं से वोट व समर्थन देने की अपील की। इसके लिए उन्होंने हाथ भी जोड़े और छात्र-छात्राओं की समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुनकर जल्द समाधान का आश्वासन दिया। केएन कॉलेज में भी चुनावी रंगत चरम पर नजर आई। छात्राएं अपनी साथी छात्राओं के साथ चुनावी प्रचार कर रही थी। विवि के पुराना परिसर और नया परिसर में भी छात्र छात्राओं में जोश नजर आया। एनएसयूआई महासचिव पद के प्रत्याशी सोमेश सोलंकी ने पुराना परिसर में प्रचार किया।
बबलू को एबीवीपी से टिकट
एबीवीपी ने कॉमर्स के छात्र बबलू सोलंकी को महासचिव पद का प्रत्याशी घोषित किया है। बबलू लम्बे समय से चुनावी तैयारियों में लगे थे। कॉमर्स फैकल्टी में वे छात्र छात्राओं की समस्याओं को लेकर काफी सक्रिय है।