
माउंट आबू में पारा -3 डिग्री, पश्चिमी विक्षोभ के कारण मंगलवार से सर्दी से मिल सकती है राहत
जोधपुर. प्रदेश में भीषण सर्दी का दौर जारी है। सूबे में 14 जगह पारा 5 डिग्री या इससे नीचे रिकॉर्ड किया गया। माउंट आबू में तापमान जमाव बिंदु से नीचे -3 डिग्री रहा और नलों में पानी जम गया। कुछ खेतों में पाला पडऩे के भी समाचार हैं। शेखावटी के सीकर में तापमान शून्य डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी जयपुर में भी सर्दी ने कई सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया। वहां पारा 1.4 डिग्री रहा। चांधन में पारा 0.5 डिग्री मापा गया।
जोधपुर में तापमान 6 डिग्री और फलौदी में 5 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के कारण मंगलवार से बादलों की आवाजाही शुरू होने से सर्दी से राहत मिलेगी। सूर्यनगरी में न्यूनतम तापमान करीब आधा डिग्री नीचे आकर 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सुबह तेज सर्दी थी।
छुट्टी होने और जाड़े के कारण लोग देर सुबह तक घरों में दुबके रहे। सुबह 9 बजे के आसपास सामान्य दिनचर्या शुरू हुई। लोग छतों और गली मोहल्ले में गुनगुनी धूप का सेवन करते देखे गए। चटख धूप के कारण सर्दी से कुछ राहत मिली। दोपहर में तापमान 23.8 डिग्री मापा गया। जिले के ग्रामीण हिस्सों में भी ऐसा ही मौसम रहा।
सरहद पर सर्दी
जैसलमेर में बीती रात पारा 3 डिग्री पर पहुंचा। वहां शरीर में गलन शुरू हो गई। दूरदराज के ग्रामीण इलाकों और सरहद के समीप तापमान जमाव बिंदु से नीचे रहा। वहां सर्दी से बचाव के लिए अतिरिक्त जतन करना पड़ा।
इन स्थानों पर पारा 5 डिग्री या नीचे रहा
माउंट आबू - 3
सीकर 0
चांधन 0.5
चूरू 1.2
जयपुर 1.4
वनस्थली 1.8
बूंदी 2
बीकानेर 2.6
कोटा 2.8
जैसलमेर 3
उदयपुर 3.2
अजमेर 3.5
अलवर 4.6
फलोदी 5
Updated on:
30 Dec 2019 02:39 pm
Published on:
30 Dec 2019 02:39 pm
