
अब 20 लाख बिजली खर्च बचाकर एक तिहाई शहर में पहुंचाया जाएगा पानी
जोधपुर.
शहर की एक तिहाई आबादी में बिजली बचाते हुए गुरुत्वाकर्षण के सिद्धांत पर पेयजल सप्लाई करने वाला फिल्टर प्लांट शुक्रवार को जनता को समर्पित कर दिया गया। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, मंत्री बी.डी कल्ला के आतिथ्य में वर्चुअल तरीके से हुए इस आयोजन में स्थानीय विधायक मनीषा पंवार भी मौजूद रही।
तख्तसागर की पहाडिय़ों पर बने इस फिल्टर प्लांट को तीन साल में पूरा किया गया है। करीब 45 करोड़ की लागत से बने इस प्लांट की क्षमता 90 एमएलडी है। अभी आगामी तीन माह में यह प्लांट पूरी क्षमता से संचालित होने की स्थिति में आ जाएगा। इसके बाद बाहरी क्षेत्र की अधिकांश कॉलोनियों को इससे जोड़ दिया जाएगा। पहाड़ी पर बने इस प्लांट के शुरू होने से पीएचइडी विभाग का 20 लाख का सालाना बिजली खर्च भी कम हो सकेगा। मुख्य अभियंता नीरज माथुर, अतिरिक्त मुख्य अभियंता परियोजना दिनेश पेडीवाल, अधीक्षण अभियंता नक्षत्रसिंह चारण और अधिशासी अभियंता सुनील चारण सहित अन्य मौजूद थे।
अभी यह है व्यवस्था
अधीक्षण अभियंता नक्षत्रसिंह के अनुसार वर्तमान में तख्तसागर से पानी झालामंड फिल्टर प्लांट भेजा जाता है। वहां पानी फिल्टर होकर पम्प करने के बाद उच्च जलाशयों तक पहुंचाया जाता है। लेकिन अब इस प्लांट के पूरी तरह से ऑपरेशन में आने के बाद तख्तसागर से ही सीधा पानी फिल्टर होकर अलग-अलग क्षेत्र की उच्च जलाशय टंकियों तक पहुंचेगा। अभी तक कुड़ी और सांगरिया क्षेत्र की 10 टंकियों को इससे जोड़ दिया गया है।
एक्सपर्ट व्यू
शहर की वर्तमान डिमांड 300 एमएल के करीब है। यह प्लांट 90 एमएलडी का बना है। ऐसे में जब पूरी क्षमता से चलेगा तो शहर का एक तिहाई हिस्सा कवर कर सकता है। झालामंड क्षेत्र में बने दो पुराने फिल्टर प्लांट बंद होंगे और वहां पम्पिंग का खर्च बचेगा। ऐसे में पीएचइडी को 20 लाख रुपए तक की बचत होगी। इससे पहले सुरपुरा फिल्टर प्लांट भी इसी गुरुत्वाकर्षण सिद्धांत पर बनाया गया था।
- निर्मलसिंह कच्छवाह, सेवानिवृत्त अधीक्षण अभियंता पीएचइडी परियोजना
--------
जीएसएस का हुआ शिलान्यास
इसी प्रकार मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने 3.38 करोड़ से बनने वाले 33/11 केवी जीएसएस दईकड़ा का शिलान्यास किया। ऊर्जा मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला की अध्यक्षता व विशिष्ठ अतिथि विधायक पुखराज गर्ग भोपालगढ़ की उपस्थिति में किया गया। इससे भोपालगढ़ क्षेत्र के किसानों व उपभोक्ताओं को उच्च गुणवत्ता व पूर्ण आपूर्ति मिल सकेगी।
Published on:
18 Dec 2020 10:10 pm
