
जोधपुर. एयरपोर्ट स्थित रन-वे पर मंगलवार दोपहर को दौड़ती जेट एयरवेज की जोधपुर-इंदौर फ्लाइट में अचानक तकनीकी खराबी आ गई। पायलट ने ब्रेक लगाकर वापस विमान को घुमाया और एप्रेन क्षेत्र में लाना पड़ा। इसके बाद यात्रियों को नीचे उतार विमान की जांच की गई। खराबी दूर होने के बाद साढ़े तीन घण्टे देरी से फ्लाइट इंदौर के लिए उड़ान भर सकी।
अहमदाबाद से चलकर सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे जोधपुर आई जेट एयरवेज की फ्लाइट 9डब्ल्यू706 दोपहर 12.15 बजे इंदौर के लिए रवाना हुई। रन-वे पर भागते एटीआर-72 विमान में पायलट को तकनीकी खामी का अहसास हुआ। विमान के उपकरणों द्वारा संकेत मिलते ही पायलट ने विमान को रोक दिया और एयर ट्रेफिक कंट्रोल से वापस विमान को पीछे लेने की बात कही। विमान के वापस एयरपोर्ट पर लौटने की सूचना मिलते ही जेट एयरवेज के इंजीनियर एप्रेन की ओर दौड़े। एप्रेन क्षेत्र में पहुंचकर विमान से सभी यात्रियों को नीचे उतारा गया। यात्रियों को लॉन्ज में बैठाकर कुछ देर इंतजार करने के लिए कहा गया।
इंजीनियर ने विमान के सभी मशीनों और उपकरणों की करीब तीन घण्टे तक गहन जांच की। इसके बाद विमान उड़ाने की हरी झण्डी दी गई। अपराह्न करीब 3.50 बजे जोधपुर-इंदौर फ्लाइट रवाना हुई। फ्लाइट के साढ़े तीन घण्टे लेट होने से शाम को जोधपुर से जाने वाली जोधपुर-अहमदाबाद उड़ान भी देरी से रवाना हुई।
25 दिन पहले ही शुरू हुई है सेवा
जेट एयरवेज ने एक सितम्बर से जोधपुर से अहमदाबाद और इंदौर के लिए विमान सेवा शुरू की है। कम्पनी की फ्लाइट सुबह 9.45 बजे अहमदाबाद से जोधपुर के लिए उड़ान भरती है जो 11.20 बजे जोधपुर आती है। जोधपुर से यह फ्लाइट दोपहर 11.55 बजे इंदौर के लिए रवाना होती है जो एक घण्टा 35 मिनट में इंदौर पहुंचती है। इंदौर से दोपहर 3 बजे यही फ्लाइट रवाना होकर शाम 4.45 जोधपुर आती है। जोधपुर से शाम 5.10 बजे यह फ्लाइट अहमदाबाद के लिए उड़ती है और शाम 6.40 बजे वहां पहुंचती है।