
JNVU: 2 महीने से नहीं मिली पेंशन, शिक्षकों व कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
जोधपुर. जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय के पेंशनर्स को एक बार फिर से दो महीने सितंबर और अक्टूबर की पेंशन नहीं मिली है। नाराज पेंशनर्स ने बुधवार को विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर प्रवीण चंद्र त्रिवेदी के समक्ष 3 घंटे तक प्रदर्शन किया और उन्हें खरी-खोटी सुनाई। पेंशनर्स ने कुलपति को पद छोडऩे की भी नसीहत दी। कुलपति कार्यालय को घेरे कर बैठे पेंशनर्स को आखिर विश्वविद्यालय प्रशासन ने 10 नवंबर से पहले सितंबर और 25 नवंबर तक अक्टूबर माह की पेंशन जारी करने का आश्वासन दिया।
विवि में पेंशन शुरू हुए तीस साल हो गए हैं। तीन दशक में यह पहला साल है जब पेंशनर्स को पेंशन के लिए मोहताज होना पड़ रहा है। विवि में करीब 1450 पेंशनर्स है और हर महीने तकरीबन 5.50 करोड़ रुपए की पेंशन बनती है। पेंशन का पैसा विवि प्रशासन को स्वयं अपने ही फण्ड में से देना पड़ता है। इस साल कोराना काल और उसके बाद विवि के स्वयं के वित्तीय कुप्रबंधन के कारण पेंशन का इंतजाम नहीं हो पा रहा है। कुलपति बार-बार राज्य सरकार के पास ग्रांट के लिए जाते हैं लेकिन राज्य सरकार ने स्पष्ट तौर पर पेंशन का पैसा देने के लिए मना कर दिया है।
रजिस्ट्रार और वित्तीय सलाहकार को भी सुनाई खरी-खोटी
जेएनवीयू पेंशनर्स शिक्षक सोसायटी अध्यक्ष पूर्व कुलपति प्रो गंगाराम जाखड़ और जेएनवीयू पेंशनर्स कर्मचारी सोसायटी अध्यक्ष मोहनसिंह भाटी के नेतृत्व में शिक्षकों और कर्मचारियों ने सुबह 11.30 बजे से लेकर दोपहर 2 बजे तक प्रदर्शन किया। इस दौरान कुलपति प्रो त्रिवेदी ने रजिस्ट्रार चंचल वर्मा और वित्तीय सलाहकार मंगलाराम विश्नोई को भी वार्ता के लिए बुलाया लेकिन इन दोनों की भी पेंशनर्स से गर्मागर्मी हो गई। पेंशनर्स द्वारा विवि प्रशासन को बार-बार बैंक खातों में पैसे होने की बात कही जा रही थी जिसका प्रशासन के पास कोई खास जवाब नहीं था। विवि के 100 से अधिक बैंक खातों को लेकर भी पेंशनर्स ने सवाल उठाए।
Published on:
04 Nov 2020 06:25 pm
