
हे गंगा मैया! इन मधुमक्खियों से हमारी रक्षा करना
बिलाड़ा (जोधपुर). कस्बे में 5 अप्रेल को गंगा मैया के मेले में मधुमक्खियां हमला न कर दें इसको लेकर सभी चिंतित हैं। प्रशासन भी बचाव के उपायों में जुटा हुआ है। पिछले दिनों में मधुमक्खियों ने यहां दर्जनों लोगों पर हमला कर उन्हें चिकित्सालय पहुंचाया है।
पवित्र बाणगंगा स्थल के मुख्य घाट के पास पुराने बरगद पर मधुमक्खियों के दर्जनों छत्ते लगे हुए हैं। मधुमक्खियों के डर से श्रद्धालु इन घाटों पर स्नान करने से भी डरते हैं। इस कारण नगरपालिका प्रशासन ने बाणगंगा के इन घाटों से दूर स्वीमिंग पुल के आकार के घाट बनाए हैं जहां चैत्री अमावस्या के मेले पर आने वाले श्रद्धालु पवित्र स्नान करते हैं। तीन वर्ष पूर्व भी इसी बाण गंगा स्थल पर गंगा मैया के मेले के अवसर पर मधुमक्खियों ने मेले में आए श्रद्धालुओं पर हमला कर दर्जनों लोगों को घायल कर दिया था।
प्रशासन ने की तैयारी
आगामी दिनों में यहां गंगा मैया का मेला भरने वाला है, जिसमें हजारों की तादाद में श्रद्धालु गंगा मैया के दर्शन कर पवित्र स्नान करेंगे। सभी समाज के लोग यहां अपने भवनों में एकत्र होकर बैठकें करते है। ऐसे में यहां लगे मधुमक्खियों के छत्तों का डर बना हुआ है। उपखण्ड अधिकारी रविन्द्रकुमार व पालिकाध्यक्ष मनोहरसिंह हाम्बड़ ने चिकित्सालय द्वारा टीम लगाने , 108 एम्बुलेंस एवं निजी एम्बुलेंसों को भी वहां रखने के निर्देश दिए हैं।
Published on:
01 Apr 2019 10:26 am
