
मोर्चरी के बाहर मृतक के परिजनों के साथ पुलिसकर्मी। फोटो- पत्रिका
राजस्थान में जोधपुर-जैसलमेर हाईवे पर भाटों की ढाणी दूगर के पास सड़क पार कर रहे व्यक्ति की ट्रक से टक्कर में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार आगोलाई के देवगढ़ गांव निवासी भोमाराम पुत्र रिडमल राम देवासी उम्र 45 वर्ष किसी वाहन से घर आ रहे थे। भाटों की ढाणी दूगर के पास गाड़ी से उतरकर जैसे ही सड़क पार करने लगे, उसी दौरान जोधपुर की तरफ से आए तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी।
हादसे में भोमाराम के अंदरूनी गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजनों व पुलिस शव को बालेसर सीएचसी मोर्चरी लेकर आए। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने मृतक के भाई लक्ष्मणराम देवासी की रिपोर्ट पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
इस दौरान हेड कांस्टेबल भीयाराम एवं पुलिस टीम, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल बलदेवसिंह मानव, सरपंच भागीरथ देवासी, समाजसेवी मांगीलाल चौधरी, पप्पू देवासी सहित बड़ी संख्या में परिजन एवं ग्रामीण बालेसर सीएचसी में मौजूद रहे।
यह वीडियो भी देखें
जानकारी अनुसार मृतक भोमाराम देवासी गरीब परिवार से था। उसके 6 लड़कियां और 1 लड़का है। ग्रामीणों ने बताया कि भोमाराम के परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी। बचपन में पिता ने निधन के बाद भोमाराम मजदूरी करने लगा था। इसके बाद वह ड्राइवर का काम करके जैसे-तैसे परिवार को पाल रहा था। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वहीं गांव में शोक की लहर छा गई।
Updated on:
10 Jul 2025, 8:30 PM IST
Published on:
10 Jul 2025, 8:30 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.