
यात्रियों को एक क्लिक पर मिलेगी जोधपुर स्टेशन की जानकारी
जोधपुर।
आमजन और रेल यात्रियों को एक क्लिक पर जोधपुर स्टेशन से संबंधित जानकारियां मिल जाएगी। इसके लिए जोधपुर रेल मंडल की ओर से वेबसाइट विकसित की गई है। वेबसाइट नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (एनजीटी) के निर्देश पर गठित की गई है। जोधपुर स्टेशन देश के उन 37 स्टेशनों में से एक है। जहां एनजीटी द्वारा निर्देशित जोधपुरस्टेशन डॉट इन वेबसाइट को विकसित किया गया है। उत्तर पश्चिम रेलवे में जयपुर व अजमेर स्टेशन पर भी इस प्रकार की वेबसाइट बनाई गई है।
आमजन के लिए उपयोगी
यह वेबसाइट आमजन के लिए उपयोगी होगी क्योंकि इस पर जोधपुर स्टेशन से संबंधित विभिन्न जानकारियां व फ ोटोग्राफ्स उपलब्ध है, जो उन्हें अपने मोबाइल व कंप्यूटर पर इंटरनेट के माध्यम से आसानी से उपलब्ध हो जाएगी। वेबसाइट पर स्टेशन पर खानपान स्टॉल, एटीएम, बुक स्टॉल, रेलवे कार्यालय, यात्री सहायता बूथ व जोधपुर के विभिन्न पर्यटन स्थलों सहित अन्य जानकारियां उपलब्ध करवाई गई है।
समस्याएं बता सकेंगे
इस वेबसाइट से यात्री रेल यात्री सुविधाओं से संबंधित अपनी समस्याओं की ऑनलाइन शिकायत कर सकेंगे। जिसमें स्टेशन पर सुरक्षा, ट्रेन संचालन, बुकिंग, पार्र्किंग, वेटिंग रूम, रिटायरिंग रूम, पार्सल, खानपान, टॉयलेट्स आदि सुविधाओं में परेशानी होने पर शिकायत कर सकेंगे। इसके अलावा यात्री सुझाव भी दे सकेंगे। यात्रियों की आेर से की गई शिकायतों व सुझावों की सतत रूप से मॉनिटरिंग की जाएगी व समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा।
यात्रियों की सुविधा के लिए वेबसाइट बनाई गई है। इस पर यात्री स्टेशन पर होने वाली किसी परेशानी की शिकायत ऑनलाइन कर सकेंगे।
गोपाल शर्मा, वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी
जोधपुर मण्डल
Published on:
30 Sept 2019 05:51 pm
