
PM Narendra Modi, pm narendra modi news, PM Narendra Modi in Jodhpur, Narendra Modi, Prime Minister Narendra Modi, jodhpur news, jodhpur news in hindi, Rajasthan Elections 2018, raj election 2018, elections in Rajasthan
जोधपुर. प्रधानमंत्री बनने के बाद जोधपुर में पहली बार आमसभा में आ रहे नरेन्द्र मोदी की सुरक्षा के लिए एसपीजी और पुलिस ने कड़े इंतजाम किए हैं। एयरफोर्स स्टेशन के अंदर से रावण का चबूतरा मैदान तक सुरक्षा इंतजामों को पांच भागों में बांटा गया है। इस रूट पर जगह-जगह वर्दी व सादे वस्त्रों में पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस आयुक्त आलोक वशिष्ठ ने इस बारे में रविवार को आदेश जारी किए।
इन भागों में रहेगी विशेष सुरक्षा
- वायुसेना स्टेशन के अंदर व बाहर। आस-पास की बहुमंजिला इमारतों पर वर्दी व सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। पुलिस उपायुक्त (पूर्व) डॉ अमनदीप सिंह कपूर व आईपीएस अधिकारी सुधीर चौधरी सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे।
- कारकेड। आइपीएस अधिकारी व प्रथम बटालियन आरएसी के कमाण्डेंट विष्णुकांत कारकेड के प्रभारी होंगे। कारकेड में वीवीआइपी कार, जैमर कार के साथ ही पुलिस व एसपीजी अधिकारियों की कारें और एम्बुलेंस शामिल होंगी।
- सभास्थल (रावण का चबूतरा मैदान)। पुलिस उपायुक्त मोनिका सेन प्रभारी होंगी। इनकी सहायतार्थ एडीसीपी अनंत कुमार, सीमा हिंगोनिया व एएसपी जस्साराम बोस होंगे।
- रूट लाइनिंग व यातायात और पार्र्किंग व्यवस्था। पुलिस उपायुक्त गगनदीप सिंगला इसके प्रभारी होंगे। सहायता के लिए एडीसीपी निर्मला विश्नोई, कैलाश सिंह सांदू व एसीपी और पुलिस निरीक्षक रहेंगे।
- आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था। इसमें पीएम मोदी के सभास्थल आने व जाने के वैकल्पिक रूट और चिकित्सा व्यवस्था शामिल किए गए हैं।
सभास्थल की सुरक्षा भी छह भागों में होगी
- पीएम नरेन्द्र मोदी के लिए गेट-१० से प्रवेश रहेगा, जहां सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त हैं। साथ ही मंच व आस-पास का क्षेत्र व डी एरिया।
- सभास्थल का मंच व डी एरिया।
- सभास्थल के सभी तेरह प्रवेश द्वार।
- सभास्थल के बाहरी सुरक्षा प्रबंध।
- बहुमंजिला इमारतों पर सुरक्षा प्रबंध।
पुलिस निगरानी में बनेगा भोजन
प्रधानमंत्री मोदी के लिए भोजन बनाने वालों पर भी सुरक्षा जवान तैनात किए गए हैं। खाद्य सामग्री रविवार रात से पुलिस की निगरानी में रहेगी। भोजन बनने के बाद पुलिस वाहन में एस्कॉर्ट करके एयरफोर्स स्टेशन ले जाया जाएगा।
बुलटप्रूफ कार में रहेंगे प्रधानमंत्री मोदी
बतौर पीएम पहली बार चुनावी सभा में आ रहे नरेन्द्र मोदी जिस कार में एयरफोर्स स्टेशन से रावण का चबूतरा मैदान जाने व एयरफोर्स स्टेशन आएंगे वो पूरी तरह बुलटप्रूफ होगी। इसके अलावा एक अन्य बुलटप्रूफ कार को सुरक्षित रखा गया है। कारकेड में शामिल होने वाले हर वाहन की तकनीकी जांच के बाद प्रमाण पत्र दिए गए हैं। वाहन चालकों का सत्यापन भी कराया गया है।
पुख्ता जांच के बाद मिलेगा सभास्थल में प्रवेश
रावण का चबूतरा मैदान के तेरह प्रवेश द्वार हैं। गेट-१ व २ से पासधारी प्रवेश करके वीआईपी ब्लॉक में जाएंगे। गेट संख्या ३, ४, ५, ६ व ७ से आमजन को प्रवेश दिया जाएगा। गेट संख्या ९ आपातकालीन निकासी के लिए रहेगा। गेट-१० पीएम मोदी के लिए रखा गया है। वहीं, गेट-११ से पासधारियों का प्रवेश रहेगा। जो वाहनों के साथ प्रवेश कर सकेंगे। प्रवेश के बाद वाहनों की पार्र्किंग बरकतुल्लाह खां स्टेडियम में होगी।
Published on:
03 Dec 2018 11:20 am
