
पुलिस ने रसोइए के बेटे-बेटी की शादी में भरा सवा लाख का मायरा
जोधपुर/ओसियां. ओसियां पुलिस थाने के पुलिसकर्मियों ने रविवार को अपने रसोइया के बेटे-बेटी की शादी में सवा लाख का मायरा भरकर अनूठी मिसाल पेश की है।
ओसियां थानाधिकारी बाबूराम डेलू रविवार को अपने स्टाफ के साथ निकटवर्ती जाखण गांव निवासी झोंपड़ी में रहने वाले रसोइया देवाराम सैन के बेटा-बेटी की शादी में मायरा भरने पहुंचे। देवाराम ओसियां थाने में पार्ट टाइम रसोइये का काम करता है। उसके परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। कुछ दिन पहले सैन ने ओसियां थानाधिकारी डेलू सहित स्टाफ को शादी का निमंत्रण दिया। इस पर थानाधिकारी डेलू सहित पुलिस स्टाफ ने देवाराम को अपने परिवार का हिस्सा मानते हुए उसके बेटा-बेटी की शादी में मायरा भरने का निर्णय लिया। रविवार को थानाधिकारी डेलू सहित स्टाफ ने शादी समारोह में पहुंच आपसी सहयोग से एकत्रित करीब एक लाख एक हजार रुपए नगद एवं गहने, कपड़ों सहित करीब सवा लाख का मायरा भर नया संदेश दिया। ओसियां थाना पुलिस की पहल पर मतोड़ा थानाधिकारी नेमाराम ईनाणिया ने भी इक्कीस हजार रुपए का सहयोग दिया।
Published on:
09 Feb 2020 10:05 pm
