
video credit : gautam udelia/जोधपुर। मसूरिया स्थित बाबा रामदेव के गुरु गुंसाई बालीनाथ के समाधि स्थल पर शीश नवाने के लिए हजारों की संख्या में पैदल जातरुओं का सैलाब जोधपुर पहुंचने लगा है। जैसलमेर जिले के रामदेवरा में 11 सितम्बर (भादवा सुदी बीज) से शुरू हो रहे बाबा रामदेव मेले के लिए जातरुओं की संख्या में दिनों-दिन बढ़ोतरी हो रही है। द्वारकाधीश अवतार के रूप में पूजित बाबा रामदेव के रूणीचा दरबार में हजारों जातरुओं के पहुंचने का क्रम शुक्रवार को भी जारी रहा। इस दौरान बाबा के धोक लगाने के लिए रवाना हुए जातरुओं के एक दल को तेज डीजे पर भजन चलाना महंगा पड़ गया। दरअसल हाईकोर्ट रोड पर कलक्ट्रेट परिसर के पास तेज डीजे बजाने से हुए शोर के खिलाफ उदयमंदिर पुलिस थाना ने कार्रवाई करते हुए डीजे को जब्त कर लिया। इसको लेकर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।प्रदेश के कोने कोने सहित मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात से करीब दो लाख से अधिक जातरू पिछले एक पखवाड़े के दौरान जोधपुर के मसूरिया मंदिर में दर्शन कर चुके हैं। मसूरिया मंदिर संचालन करने वाले पीपा क्षत्रिय समस्त न्याति ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेन्द्र चौहान ने बताया कि पुलिस अधिकारियों की ओर से समय-समय पर मंदिर परिसर का निरीक्षण किया जा रहा है। जातरुओं की संख्या बढऩे के साथ ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रामरसोड़े खुलने में भी तेजी आ गई है। सूर्यनगरी के माली, मेघवाल व जीनगर समाज के पैदल संघ रामदेवरा जाने की तैयारियों में जुट गए हैं।