
जोधपुर की सडक़ों के बीच खड़ी है मौत...ये नोटिस-जुर्माने की भाषा नहीं समझती!
अविनाश केवलिया/जोधपुर. घोड़ों का चौक क्षेत्र में जिस गड्ढे में बच्ची के गिरने की घटना हुई उसे नगर निगम ने भर दिया। अपनी लापरवाही पर यह पर्दा तो जनता अपनी आंखों से देख रही है, लेकिन शहर की प्रमुख सडक़ों के बीच ऐसे कई गड्ढे हैं जो किसी हादसे का इंतजार कर रहे हैं। यदि हमने अपना संतुलन खोया तो सडक़ के बीच ये गड्ढे और खुले पड़े मेनहोल बड़ी आफत खड़ी कर सकते हैं।
बच्ची वैष्णवी के गड्ढे में गिरने और पलक झपकते ही ज्योतिराव द्वारा उसको बचाने का मामला पूरे शहर में चर्चा का विषय बना रहा। नगर निगम की लापरवाही इसमें साफ झलक रही है। इस घटना के बाद सोमवार को महापौर घनश्याम ओझा ने निगम आयुक्त को यूओ नोट जारी कर लापरवाह अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संवेदक, वार्ड प्रभारी व संबंधित कनिष्ठ अभियंता को लापरवाही के लिए सीधे जिम्मेदार माना। उन्होंने कहा कि संवेदक द्वारा ऐसे स्थान पर बेरिकेडिंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने चाहिए थे। इसके बाद निगम आयुक्त ने संबंधित अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता और कनिष्ठ अभियंता को 17 सीसीए का नोटिस जारी किया है। साथ ही ठेकेदार पर आर्थिक जुर्माना लगाने की तैयारी की जा रही है।
यहां से गुजरो तो संभल कर
- रातानाडा भाटी सर्किल से पुलिस लाइन की ओर आने वाली सडक़।
- चौपासनी रोड सूथला के पास नाले के ऊपर का कवर टूटा हुआ है।
- जीरा मंडी के सामने सडक़ के मोड़ पर गड्ढा।
- मंडोर रोड पर पावटा सी रोड के सामने मोड़ पर।
- मगरा पूंजला नया बास के समीप मोड़।
- मुख्य पाली रोड भगत की कोठी के समीप।
इनका कहना...
उस गड्ढे को ठीक कर दिया गया है। लापरवाही मानते हुए संबंधित अभियंताओ को 17 सीसीए का नोटिस दिया गया है। महापौर ने भी यूओ नोट जारी किया है। ठेकेदार पर भी जुर्माना लगाने की कार्रवाई करेंगे।
- अनुराग भार्गव, कार्यवाहक आयुक्त, नगर निगम जोधपुर
सडक़ के बीच गड्ढा हर दिन करता है चोटिल
मुख्य पाली रोड पर भगत की कोठी के समीप सडक़ धंसने से हुआ एक गड्ढा पिछले कई दिनों से राहगीरों के लिए मुश्किल बना हुआ है। यहां प्रतिदिन तीन से चार वाहन चालक अपना संतुलन खोकर गिर जाते हैं। सोमवार को भी कुड़ी से सरदारपुरा की ओर जा रही एक युवती इस गड्ढे की चपेट में आकर गिर गई। इससे उसके हाथ पर गंभीर चोट आई। इस परेशानी से त्रस्त स्थानीय लोगों ने विरोध जताते हुए रास्ता रोक दिया। मुख्य रोड पर काफी देर तक एक तरफा यातायात रहा। सूचना पर पुलिस व जेडीए के अधिकारी मौके पर पहुंचे। जेडीए के अधिकारियों ने यह गड्ढा पीएचईडी के कारण होना बताया। लोगों के विरोध करने पर उस गड्ढे की खुदाई कर वहां मिट्टी भर दी गई। लेकिन इससे भी लोग संतुष्ट नहीं हुए। स्थानीय लोगों ने एक-दो दिन में स्थाई समाधान नहीं होने पर बड़ा प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
Updated on:
01 Oct 2019 02:15 pm
Published on:
01 Oct 2019 02:15 pm
