
डाक विभाग ने शुरू की डोमेस्टिक मनी ट्रान्सफर सुविधा
जोधपुर. कोई भी व्यक्ति डाकिए के जरिए घर बैठे और डाकघर के काउंटर पर किसी भी बैंक खाते में हाथों हाथ कैश जमा करा सकेगा। डाकिए के हाथ में नकद आते ही आपके द्वारा बताए गए खाते में पैसा क्रेडिट हो जाएगा। इसके लिए नकद भेजने वाले के पास बैंक अकाउंट होना जरूरी नहीं है, केवल मोबाइल नम्बर होना अनिवार्य है। इससे बैंकों की लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। किसी भी व्यक्ति के खाते में धन जमा करवाना संभव होगा। गांवों और दूरदराज के क्षेत्रों तक डाक विभाग के विस्तृत नेटवर्क के चलते महिलाओं, वरिष्ठ नागरिक, दिव्यांगजनों, दुकानदार, प्रवासी श्रमिकों इत्यादि को काफी सहूलियत होगी।
यह है डोमेस्टिक मनी ट्रांसफर सेवा
डाक विभाग द्वारा इण्डिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के जरिए आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम द्वारा घर बैठे किसी भी बैंक खाते से नकद निकालने की सुविधा पहले से ही दी जा रही है। अब घर बैठे कैश जमा करने की सुविधा शुरू की गई है। इस डोमेस्टिक मनी ट्रांसफर सेवा के तहत ग्राहक को प्राप्तकर्ता के खाते का नंबर, आईएफएससी कोड व अपना मोबाइल नंबर बताकर कैश देना होगा। डाकिया अपने मोबाइल से तुंरत बताए गए खाते में रुपये ट्रांसफर करेगा तो ग्राहक के मोबाइल पर एक ओटीपी आएगा। डाकिया द्वारा ओटीपी डालते ही खाते में बैलेंस क्रेडिट हो जाएगा। ग्राहक के मोबाइल पर इसका कंफर्म मैसेज भी आएगा।
Updated on:
30 Mar 2021 05:03 pm
Published on:
30 Mar 2021 05:03 pm
