
priyanka chopra and nick jonas wedding, priyanka chopra and nick jonas, priyanka chopra and nick jonas marriage, priyanka chopra and nick jonas in jodhpur, priyanka chopra latest news, priyanka Chopra, jodhpur news, jodhpur news in hindi
जोधपुर. बॉलीवुड अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा और अमरीकी सिंगर गीतकार निक जोनस की वेडिंग सेरेमनी गुरुवार को जोधपुर के उम्मेद भवन पैलेस में मेहंदी की रस्म के साथ शुरू हो गई। वेडिंग सेरेमनी में गुरुवार सुबह से मेहमानों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया जो शाम तक अनवरत जारी रहा। सबसे पहले जोधपुर पहुंचने वालों मेहमानों में खुद प्रियंका और उनके मंगेतर निक चार्टर प्लेन से जोधपुर पहुंचे। क्रीम कलर के प्लाजो और रंगीन दुपट्टा पहने प्रियंका खासी उत्साहित नजर आई। एयरपोर्ट के बाहर आने पर उन्होंने प्रशंसकों और वहां मौजूद मीडियाकर्मियों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया।
वेडिंग सेरेमनी में प्रियंका चौपड़ा की माता डॉ. मधु चौपड़ा, चाची विमला खोरी, निक जोनस के माता-पिता और खास दोस्त, दूल्हे निक के बड़े भाई केविन जोनस और डेनियल तथा जॉय जोनस तथा उनकी मंगेतर सोफ ी टर्नर, अमरीकन टीवी धारावाहिक ‘क्वांटिकों ’ में सहअभिनेता और अभिनेत्री जोनाथन कार्टर और बिवेन याश्मीन, वीजे करण कुंद्रा और वीजे अनुषा धांधेकर, यूएस की लिली, प्रियंका की कजिन मनारा चौपड़ा, भाई सिद्धार्थ चौपड़ा, खास दोस्त चंचल डिसूजा, तमन्ना, सुदीप भी जोधपुर पहुंचे। नियमित फ्लाइट से पहुंची चचेरी बहन बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चौपड़ा भी खासी खुश नजर आई। ब्लू कलर के शघ और प्लाजो पहने परिणीति ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि विवाह समारोह में धमाल मचाएंगे। जोधपुर पहुंचने वाले अन्य खास मेहमानों में बॉलीवुड डिजाइनर संदीप खोसला और अबु जानी सहित शाम 4 बजे तक 200 से अधिक देशी-विदेशी मेहमान पहुंचे।
चार दिवसीय विवाह समारोह में इन्द्रधनुषी रंग सजाने के लिए देशी विदेशी संगीत कलाकारों का हुजूम भी जोधपुर पहुंचा। आगामी चार दिनों तक उम्मेद भवन में आयोजित वेडिंग सेरेमनी में 30 से अधिक कार्यक्रम होंगे। विवाह समारोह में पाश्चात्य संस्कृति के साथ पंजाबी और राजस्थानी विवाह परम्परा के चुनिंदा रीति रिवाजों को भी खास तौर से शामिल किया गया है। पंजाबी गिद्धा नृत्य के लिए खास तौर से ढोलवादकों को बुलाया गया है। चार दिनों तक मेहमानों के खाने पीने के लिए खास मीनू तैयार किया गया है जिसमें राजस्थानी व्यंजन भी शामिल है। विवाह समारोह में शामिल होने वाले मेहमानों को एक खास लक्ष्मी गणेश अंकित चांदी का सिक्का भेंट किया जाएगा। सिक्के के एक पहलू पर एनपी याने निक-प्रियंका का पहला अक्षर अंकित किया गया है।
विवाह समारोह में कब क्या
शुक्रवार को उम्मेद भवन बारादरी परिसर में बने विशाल मंच पर निक जोनस व उनकी टीम की ओर से संगीतमय प्रस्तुति होगी। कोरियोग्राफर गणेश हेगड़े के संयोजन में कलाकारों की टीम के साथ प्रियंका चौपड़ा खुद देसी गर्ल.. पर परफोर्मेन्स देगी। वेडिंग सेरेमनी में 1 दिसम्बर को पाश्चात्य संस्कृति और कैथोलिक परम्परा अनुसार विवाह समारोह होगा। जिसमें उम्मेद भवन के बारादरी परिसर में प्रियंका चौपड़ा फैशन डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की ओर से तैयार विशेष सफेद कलर का गाउन पहने पर रैम्प पर चलते हुए विवाह समारोह में पहुंचेगी। कैथोलिक धर्मगुरुओं की ओर से विवाह की रस्म पूरी की जाएगी जिसमें निक उन्हें रिंग पहनाएंगे। विवाह समारोह में 2 दिसम्बर को उम्मेद भवन परिसर में दूल्हा बने निक एक विशेष विमान से उतरने पर पुष्पवर्षा के बीच घोड़ी पर सवार होकर विवाह स्थल उम्मेद भवन के बारादरी परिसर में बने संगमरमर के मंडप तक लाया जाएगा। यदि उन्हें घोड़ी पर कुछ परेशानी होती है तो विकल्प के तौर खास तौर से सजी बग्घी को तैयार रखा गया है। विशेष बाराती विन्टेज कारों में शामिल होंगे।
म्हे लाडी री बुआ हूं ..
एयरपोर्ट पर प्रियंका चौपड़ा के मेहमानों के आगमन के बीच जब एक महिला रास्ते में आकर रुक गई तो वहां मौजूद कुछ मीडियाकर्मियों ने उन्हें हटने की प्रार्थना की। तभी महिला ने कहा भाइयों में मैं तो प्रियंका की बुआ हूं.. तो सभी कैमरे उनकी तरफ मुड गए और फ्लैश चमकने लगे। दरअसल प्रियंका चौपड़ा की बुआ अपनी भाभी यानी प्रियंका की माता डॉ. मधु चौपड़ा का इंतजार कर रही थी। बाद में दोनों ही एक साथ कार में उम्मेद भवन के लिए रवाना हुए।
ढोलवादन और शहनाई से स्वागत
प्रियंका चौपड़ा और निक जब कार में उम्मेद भवन में दाखिल हुए तो ढोल-नगाड़ा वादकों ने उनका स्वागत किया। मुख्य प्रवेश द्वार पर शहनाई वादन के साथ राजस्थानी परम्परानुसार तिलक लगाकर स्वागत किया गया। प्रियंका सीधे उम्मेद भवन के सेन्ट्रल हॉल में रूकने के बाद वहां मौजूद मेहमानों से बातचीत करने के बाद बारादरी में पहुंची और व्यवस्थाओं को लेकर होटल प्रबंधक से बातचीत की।
Published on:
30 Nov 2018 10:45 am
