10 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

पुष्य नक्षत्र : मिनी धनतेरस पर गुलजार हुए बाजार

  गुरु पुष्य के महामुहूर्त में उमड़े खरीदार, पंच पर्व के साथ सावों के लिए भी लोगों ने खरीदा आवश्यक साजो-सामान
2 min read
Google source verification
पुष्य नक्षत्र : गुलजार हुए बाजार में मिनी धनतेरस

पुष्य नक्षत्र : गुलजार हुए बाजार में मिनी धनतेरस

जोधपुर. धनतेरस के पूर्व गुरु पुष्य के महायोग के कारण गुरुवार को सूर्यनगरी के सभी प्रमुख बाजारों में मिनी धनत्रयोदशी सा माहौल नजर आया। पुष्य नक्षत्र खरीदारी के लिए अति शुभ होने के चलते सोने-चांदी के आभूषण, फर्नीचर, इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद, ड्राइफू्रट, दीपावली को देने के लिए उपहार, गारमेंट्स आदि की जमकर बिक्री हुई। प्लॉट, फ्लेट व बंगलों की बुकिंग और खरीद के प्रति भी जबरदस्त क्रेज रहा। त्योहारी रंगत के साथ इस बार देवउठनी एकादशी से आरंभ हो रहे सावों के लिए भी लोगों ने आवश्यक साजो-सामान खरीदा। अब पुन: धनतेरस को खरीदारी के अबूझ मुहूर्त में बाजारों में धन बरसने की उम्मीद है।

देर शाम तक खरीदारों की रौनक परवान पर
सुबह से आरंभ हुआ खरीदारी का दौर गुरु पुष्य में पूरे दिन सर्वार्थसिद्धि, अमृत सिद्धि योग के चलते पूरे दिन व देर शाम तक चला। जोधपुर के रोशन बाजारों में खरीदारी की रौनक छाई रही। भीतरी शहर के बाजारों में कई जगह टै्रफिक जाम की स्थिति रही। शहर के नई सड़क, सरदारपुरा, त्रिपोलिया बाजार, जलजोग, सरदारपुरा प्रथम, बी व सी रोड, चौपासनी रोड, जालोरी गेट, गोलबिल्डिंग, रातानाडा, महामंदिर व चौहाबो में भी रौनक नजर आई। शुभ मुहूर्त के चलते देर शाम तक बाजार में खरीदारों की रौनक परवान पर रही। व्यापारियों ने इस बार कोरोनाकाल के बाद सूर्यनगरीवासियों के रहन-सहन में आए बदलाव व युवाओं की मांग अनुरूप प्रॉडक्ट की नवीनतम सीरिज का स्टॉक मंगवाया हैं। युवा वर्ग की नई सोंच अनुसार विश्व स्तरीय इलेक्ट्रॉनिक प्रॉडक्ट, लैपटाप, गैजेट्स तो दूसरी ओर दुपहिया वाहन, रेडिमेट वस्त्र की पूरी अंतरराष्ट्रीय शृंखला सूर्यनगरी के प्रमुख प्रतिष्ठानों में नजर आई। सरकारी कर्मचारियों के साथ किसान वर्ग भी खरीदारी के प्रति काफी उत्साहित नजर आया। व्यापारी वर्ग को उम्मीद है इस बार मिनी धनतेरस के बाद 2 नवम्बर को धनत्रयोदशी पर पुन: बाजार में जमकर बिक्री होगी।

आवश्यक घरेलू सामग्री की खरीदारी

गुरु पुष्य नक्षत्र पर महिलाओं ने घरेलू आवश्यक सामग्री व साज-सजावट की वस्तुएं खरीदी। खरीदारी के शुभ मुहूर्त के चलते सुबह से ही बाजार में चहल पहल आरंभ हो गई। मारवाड़ के विभिन्न अंचलों सहित जोधपुर जिले के आस-पास के कस्बों से भी लोग खरीदारी के लिए पहुंचे। महिलाओं-बच्चों के साथ युवा वर्ग में भी खरीदारी के प्रति खासा उत्साह नजर आया। पुष्य नक्षत्र के दिन पूर्व में वाहनों की बुकिंग करवाने वाले मुहूर्त के दौरान डिलीवरी लेने पहुंचे। कई लोगों ने धनतेरस के दिन डिलीवरी के लिए वाहनों की बुकिंग करवाई है।

पंच पर्व के लिए खरीदारी की शुरुआत
पंच पर्व दीपोत्सव के लिए अब कुछ ही दिन शेष बचे हैं। धनत्रयोदशी 2 नवम्बर से पंचपर्व का आगाज हो जाएगा। बाजार में भीड़ से बचने के लिए लोगों ने गुरुवार को पुष्यनक्षत्र के संयोग को श्रेष्ठ मानते हुए जमकर खरीदारी की। बाजारों में मिट्टी से निर्मित दीपक, मूर्तियां, मोम से बने दीपक , पूजन सामग्री, गृह उपयोगी वस्तुएं, साज सजावट सामग्री भी जमकर खरीदे।

फ्लेट व बंगलों की बुकिंग के प्रति उत्साह

पुष्य नक्षत्र कीमती व सभी तरह की धातुओं की वस्तुओं के लिए अति शुभ मंगलकारी होने के कारण लोगों ने जमकर खरीदारी की। पुष्य के श्रेष्ठ मुहूर्त के कारण नवीन प्रतिष्ठानों का शुभारंभ भी किया गया। आभूषण प्रतिष्ठानों में सोने व चांदी के आभूषणों के अलावा चांदी की मूर्तियां, बर्तन आदि कीमती धातुओं को खरीदने के प्रति उत्साह नजर आया। प्लॉट, फ्लेट व बंगलों की बुकिंग और खरीद के प्रति भी लोगों का जबरदस्त रूझान नजर आया। ऑटोमोबाइल शो रूमों पर दुपहिया वाहनों-कारों की बुकिंग और खरीद के लिए भीड़ नजर आई।