
वृद्ध दुकानदार की आंखों में मिर्ची डालकर सोने की चेन लूटी
जोधपुर.
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थानान्तर्गत पाल रोड पर पनजी का बेरा के सामने डेयरी की दुकान पर गुटखा खरीदने के बहाने दो युवकों ने वृद्ध दुकानदार की आंखों में मिर्ची पाउडर डाल साढ़े तीन तोला सोने की चेन लूट ली और बाइक सवार एक अन्य साथी के साथ भाग गए। दुकानदार ने लुटेरों का पीछा करने का प्रयास भी किया, लेकिन आंखों में जलन होने की वजह से पकड़ नहीं पाए।
पुलिस के अनुसार पाल रोड पर पनजी का बेरा के सामने निवासी गोकुलचंद (65) पुत्र छंवरलाल सोलंकी की घर के सामने अशोक डेयरी नामक दुकान है, जहां वह गुटखा व बिस्किट आदि बेचता है। उन्होंने अल-सुबह चार बजे दुकान खोली और काउंटर पर बैइ गए। इतने में बाइक पर तीन युवक आए। सड़क पर बाइक रोककर दो युवक दुकान में आए और एक युवक ने गुटखा मांगा। वृद्ध दुकानदार उन्हें गुटखे का पाउच देने लगा। इतने में एक युवक ने आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया। जलन होने पर दुकानदार आंखें मसलने लगा। इतने में एक युवक ने गले में झपट्टा मारा और साढ़े तीन तोला सोने की चेन लूटकर बाइक पर बैठ भाग गए। एकबारगी दुकानदार ने लुटेरों का पीछा किया, लेकिन आंखों में जलन होने से वह दुकान लौट आया और घरवालों को अवगत कराया। बाद में पुलिस को सूचना देकर एफआइआर दर्ज करवाई। फिलहाल लुटेरों का पता नहीं लग पाया। दुकान के पास लगे सीसीटीवी कैमरों से तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।
एक दिन पहले रैकी का अंदेशा
दुकानदार का कहना है कि बाइक सवार तीनों युवक एक दिन पहले भी सुबह-सुबह दुकान पर आए थे। इससे अंदेशा है कि लुटेरों ने रैकी करने के बाद वारदात की है।
Updated on:
25 Nov 2020 04:45 pm
Published on:
25 Nov 2020 04:45 pm
