
RAMDEVRA FAIR--रामदेवरा मेला नहीं होने से रेलवे-रोडवेज को होगा करोड़ों का घाटा
जोधपुर।
कोरोना महामारी के कारण इस बार राजस्थान के प्रसिद्ध लोक देवता रामदेवरा का मेला नहीं भर पाएगा। रामदेवरा मेला नहीं होने का असर रेलवे व रोडवेज की आय पर पड़ेगा। रेलवे व रोडवेज को करोड़ों रुपयों की आय का फटका लगेगा। जोधपुर रेल मण्डल की ओर से जहां हर वर्ष रामदेवरा मेले के दौरान रामदेवरा के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाता है, वहीं इस बार कोरोना के कारण ट्रेनों का संचालन नहीं होगा। जोधपुर रेल प्रशासन द्वारा रामदेवरा के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन करने से जातरुओं को सस्ता व सुरक्षित आवागमन का साधन मिल जाता। वहीं रेलवे को भी इस दौरान करोड़ों रुपए का राजस्व प्राप्त होता है, लेकिन इस बार मेला नहीं होने से रेलवे प्रशासन अलग-अलग खण्डों में स्पेशल ट्रेनों का संचालन नहीं कर पाएगा। वैसे वर्तमान में कोरोना महामारी के कारण 1 जुलाई से जोधपुर से केवल 4 स्पेशल ट्रेनों का ही संचालन किया जा रहा है।
---
रोडवेज को भी होगा घाटा
रोडवेज की ओर से भी मेले के दौरान रामदेवरा के लिए बसें चलाई जाती है। गत वर्ष रोडवेज को 87 लाख रुपए की आय हुई थी व 40 हजार से अधिक यात्रियों ने यात्रा की थी।
---
गत वर्ष मेले के दौरान रेलवे व रोडवेज का यात्री भार व आय
साधन------------ यात्री-------- आय
रेलवे---------- 339639------- 30139509
रोडवेज---------- 42246------- 8730000
--
मेले के दौरान इन रेल खण्डों पर चलती है स्पेशल ट्रेन
- जोधपुर से रामदेवरा
- रामदेवरा से बीकानेर
-जोधपुर से मारवाड जंक्शन
- जोधपुर से पोकरण
---
कोरोना महामारी को देखते हुए रामदेवरा मेला नहीं होने से रेलवे की ओर से स्पेशल ट्रेनों का संचालन नहीं किया जाएगा।
गोपाल शर्मा, वरिष्ठ प्रवक्ता
जोधपुर रेल मण्डल
--
कोरोना महामारी के कारण रामदेवरा मेला नहीं भरेगा, इस वजह से बसों का संचालन संभव नहीं है। इससे रामदेवरा मेले से होने वाली आय इस बार नहीं हो पाएगी।
बीआर बेड़ा, महाप्रबंधक
रोडवेज जोधपुर डिपो
Published on:
08 Aug 2020 05:41 pm
