
जोधपुर.कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि नफरत फैलाना और देश तोडऩा भाजपा का काम है। उन्होंने कहा कि एक- एक कर हर राज्य से भाजपा को हटाएंगे। उन्होंने जोधपुर, पोकरण और जालोर में आयोजित कांग्रेस उम्मीदवारों के समर्थन में आयोजित सभाओं में कहा कि चौकीदार चोर है। जोधपुर के राजकीय उम्मेद स्टेडियम में आयोजित सभा में राहुल गांधी ने कहा कि वे पहले कहते थे कि अच्छे दिन आएंगे, लेकिन अब नया नारा आया है, चौकीदार चोर है। साढ़े चार साल में यह बदलाव आया है। अब वे अनिल अंबानी, मेहुल चौकसी व नीरव मोदी का कर्जा माफ करते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी ने हिंदुस्तान के इनफॉर्मल सेक्टर को खत्म कर दिया।
निदेशक को रात 2 बजे हटाया गया
राहुल गांधी ने राफेल विमान की खरीद में घोटाले का आरोप लगाते हुए कहा कि 526 करोड़ रुपए का हवाई 1600 करोड़ रुपए में खरीदा गया। राफेल मामले में जांच होते ही नरेंद्र मोदी व अनिल अंबानी फसेंगे। इसलिए सीबीआई निदेशक को रात 2 बजे हटाया गया।
सब ढकोसला था
उन्होंने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि उनके बयान, चौराहे पर फांसी दे देना और काले धन के खिलाफ लडऩा सब ढकोसला था। राहुल गांधी ने कहा कि देश की जनता का चौकीदार से भरोसा उठ गया है। वे आजकल पुराने मुद्दे भूल कर हमारी बुराई करते हैं। हमारे भाषण में हम वसुन्धरा जी व मोदी जी कहते हैं और तमीज से बोलते हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि मुफ्त दवाई योजना को पुन: चालू करेंगे। युवाओं की सबसे बड़ी चुनौती है रोजगार है। हमारा चीफ मिनिस्टर 24 घंटे रोजगार देने का काम करेगा। जोधपुर में कांग्रेस सभी सीटें जीतेगी।
नोटबंदी गलत फैसला था : गहलोत
कांग्रेस के राष्ट्रीय संगठन सचिव पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि महिलाओं ने सोचा था कि उनका पैसा उनके काम आएगा, लेकिन नोटबंदी में उनके अरमानों पर पानी फिर गया। गरीबों को लंबी लाइन में लगना पड़ा और एक भी अमीर लाइन में नहीं लगा।
वसुन्धरा कर रही हैं द्वेष की राजनीति : सचिन
सचिन पायलट ने कहा कि कांग्रेस सभी का दल है। वसुन्धरा सरकार द्वेष की राजनीति कर रही है। महंगाई आसमान छू रही है। स्कूलें बंद हो रही हैं। उन्होंने कहा कि राहुल ने बार- बार राजस्थान आकर नौजवानों में अलख जगाई है। सभा के दौरान कांग्रेस उम्मीदवारों ने भी संबोधित किया।