चुनाव का बिगुल बज चुका है, लेकिन जोधपुर में दोनों ही पार्टियों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने प्रत्याशियों सूचियों का इंतजार कर रहे हैं।
जोधपुर। चुनाव का बिगुल बज चुका है, लेकिन जोधपुर में दोनों ही पार्टियों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता अपने प्रत्याशियों सूचियों का इंतजार कर रहे हैं। इधर, दावेदार अपना टिकट पक्का करने के लिए पूरी ताकत झौंक रहे हैं। जयपुर से लेकर दिल्ली तक दौड़ लगा रहे हैं। संगठन स्तर पर दोनों की रणनीति का असर काफी नजर आ रहा है। कांग्रेस में जहां संगठन कार्यालय सूने नजर आ रहे हैं, तो भाजपा अपने तय कार्यक्रमों की रूपरेखा बना रही है। पत्रिका ने दोनों प्रमुख दलों के कार्यालयों की हलचल जानी।
मंगलवार को दिनभर कांग्रेस कार्यालय बंद रहा और शाम 6 बजे बाद खुला। पत्रिका की टीम जब शाम 7 बजे पहुंची तो एक गार्ड के भरोसे कार्यालय था। दिनभर महिला कांग्रेस की बैठक हुई, इसके अलावा अलग-अलग नेताओं के घर दरबार भी लगे, लेकिन कार्यालय सूना ही नजर आया।
यह भी पढ़ें- rajasthan election 2023 इस चुनाव में 18 से 19 साल के युवा उड़ा सकते हैं राजनीतिक दिग्गजों के होश, देखें ये आंकड़े
वहीं भाजपा कार्यालय में सदस्यता अभियान पर फीडबैक सहित अन्य मुद्दों पर रणनीति बनती रही। शाम 7 से 7.30 बजे तक यूथ वोटर्स, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को जोडऩा और स्पोर्टसमैन से सम्पर्क जैसे मुद्दों पर मंथन हुआ। शहर जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सालेचा सहित अन्य जिला पदाधिकारी मोर्चा संभाले रहे।
कायकर्ता बोले-पार्टी जिसे टिकट देगी उसे जिताएंगे
भाजपा शहर जिला संगठन के महामंत्री मनीष पुरोहित ने मंगलवार को शहर विधानसभा सीट के कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक में मुख्य रूप से इस बातों पर चर्चा की गई कि सभी कार्यकर्ताओं को एक मंच पर आकर पार्टी जिसे टिकट दें उसके साथ रहकर पार्टी को जिताने के प्रयास करने हैं। साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की ओर से कही गई बात ’मनभेद और मतभेद भुलाकर सभी कार्यकर्ता पार्टी को जिताने का कार्य करें’ पर कार्यकर्ताओं से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष की बात पर कहा कि सभी एकजुट होकर पार्टी को जिताने का कार्य करेंगे। कोई रूठेगा तो उसे मनाएंगे।