
राजस्थान सरकार कर रही मरुधरा के इतिहास का अपमान
जोधपुर।
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्रसिंह शेखावत ने राजस्थान सरकार के दसवीं कक्षा के पाठ्यक्रम में महाराणा प्रताप को लेकर भ्रामक तथ्य छापने की कड़ी आलोचना की है। शेखावत ने कहा कि राजस्थान शिक्षा विभाग द्वारा 10वीं कक्षा में महाराणा प्रताप, राणा उदयसिंह, मेवाड़ के राजपरिवार और हल्दीघाटी के प्रति भ्रामक तथ्य छापकर मरुधरा के इतिहास का अपमान किया गया है। राजस्थान सरकार द्वारा पाठ्यक्रम में इस तरह के बदलाव अस्वीकार्य है। शेखावत ने कहा कि यह भारत का दुर्भाग्य रहा है कि हमारे ही सत्ताधारियों ने सत्ता लोभ में अपने ही इतिहास को समय-समय पर अपनों से छुपाया है। उनकी मंशा हमेशा किसी लालच में एक वर्ग विशेष को खुश करने की रही है। इतिहास और उससे जुड़े स्वाभिमान का महत्व उनके लिए कोई मायने नहीं रखता। गौरतलब है कि 10वीं कक्षा में नई किताब राजस्थान का इतिहास और संस्कृति में महाराणा उदयसिंह और महाराणा प्रताप की शौर्य गाथाओं को बदला गया है। हल्दीघाटी के युद्ध में महाराणा प्रताप की हार को दर्शाया गया है, जो इतिहास के विरूद्ध है।
Published on:
24 Jun 2020 10:43 am
