3 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

राजस्थान में राहुल गांधी की चुनावी हुंकार, पीएम मोदी और भाजपा को लेकर कही ये बड़ी बातें

Rajasthan Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव को लेकर गुरुवार को पहली बार राजस्थान दौरे पर आए राहुल गांधी ने अनूपगढ़ और फलौदी में चुनावी सभाओं में कांग्रेस की घोषणाओं के बारे में लोगों को बताया, वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटियों पर सवाल उठाए।

3 min read
Google source verification
rahul_gandhi_.jpg

Rahul Gandhi Election Meetings In Rajasthan

अभिषेक सिंघल/महेन्द्र सिंह शेखावत : लोकसभा चुनाव को लेकर गुरुवार को पहली बार राजस्थान दौरे पर आए राहुल गांधी ने अनूपगढ़ और फलौदी में चुनावी सभाओं में कांग्रेस की घोषणाओं के बारे में लोगों को बताया, वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटियों पर सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार बनने पर देश में 30 लाख नौकिरयां देंगे और ठेका प्रथा को बंद किया जाएगा। महिलाओं को नौकरियों में 50 फीसदी आरक्षण देने के साथ ही आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की आय दोगुनी करने का वादा किया।

राहुल ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह उद्योगपतियों को धमकाकर इलेक्टोरल बॉन्ड ले रहे हैं, तो कांग्रेस के बैंक खातों को फ्रीज किया जा रहा है। सीबीआई, ईडी का केस लगाते हैं। उद्योगपति इनको पैसा देता है और फिर केस गायब हो जाता है। एक्सटॉर्शन चल रहा है और उसका नाम इलेक्टोरल बॉन्ड स्कीम है।

गरीब जनता और चंद अरबपतियों के बीच चुनाव
चुनाव को संविधान एवं लोकतंत्र को बचाने वाला बताते हुए कहा कि यह चुनाव देश की गरीब जनता एवं चंद अरबपतियों के बीच हो रहा है। राहुल ने कहा कि केन्द्र सरकार ने मात्र 25-30 लोगों का जितना कर्जा माफ किया उससे 24 साल मनरेगा में भुगतान हो सकता था। अरबपतियों का कर्जा माफ होता है लेकिन दलित एवं किसानों का कर्जा माफ नहीं होता। देश में 22 लोगों के पास इतना धन है, जितना 70 करोड़ जनता के पास है। ये 70 करोड़ लोग बोल रहे हैं, लेकिन कोई नहीं सुन रहा। किसान समर्थन मूल्य के लिए आंदोलन कर रहा है। युवा रोजगार के लिए तो महिलाएं महंगाई से बचाने की गुहार कर रही हैं। लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। जनता की आवाज उठाने वाले आज धनपतियों के दबाव में हैं।

जनता से पांच वायदे
जाति जनगणना
कांग्रेस सरकार आई तो जाति जनगणना करेगी। इसके तहत धन का सर्वे होगा। देश का धन कितने लोगों और किनके हाथ में है। पिछड़ों की भागीदारी कितनी है।

गरीबी खत्म करेंगे
गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले प्रत्येक परिवार की एक महिला के खाते में हर साल एक लाख रुपए का भुगतान किया जाएगा। प्रति माह साढ़े आठ हजार रुपए मिलेंगे। यह तब तक मिलेंगे जब तक परिवार गरीबी रेखा से ऊपर ना आ जाए।

रोजगार का अधिकार
हर युवा को एक साल अप्रेटिंस और एक लाख देने की गारंटी है। अगर वह अच्छा काम करेगा तो एक साल बाद स्थायी किया जाएगा। तीस लाख को नौकरी देंगे। ठेकेदारी प्रथा खत्म करेंगे।

किसानों का कर्जा माफ
किसानों का कर्जा माफ किया जाएगा। साथ ही एमएसपी को कानूनी जामा पहनाया जाएगा।

अग्निवीर को करेंगे रद्द
पहले देश की सेना युवाओं को पूरी सुविधा देने की गारंटी देती थी। मोदी सरकार ने अग्निवीर बनाकर इस वायदे को तोड़ा है। कांग्रेस सत्ता में आई तो इस योजना को रद्द किया जाएगा।

देरी से आए पायलट व रंधावा
सभा में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा राहुल के साथ मंच पर आए, जबकि पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट एवं कांग्रेस प्रभारी सुखजिन्दर सिंह रंधावा जब पहुंचे जब राहुल का भाषण लगभग खत्म होने को था। सभा में गहलोत, डोटासरा व पायलट भी बोले।

जनता के मुद्दे गौण
राहुल ने कहा कि देश में आज बेरोजगारी प्रमुख मुद्दा है। महंगाई मुद्दा है। जनता से पूछो तो वह भी यही मुद्दे बताएगी, लेकिन मीडिया में ये मुद्दे गायब हैं। मीडिया को अंबानीजी की शादी एवं उसमें आते हजार लोग दिखाई देते हैं। 24 घंटे मोदी जी का चेहरा दिखाया जाता है। वह समुद्र के नीचे जाएंगे। हेलीकॉप्टर में उड़ेगे, थाली बजाएंगे, मोबाइल की लाइट जलवाएंगे, सब दिखाएंगे, गरीब की आवाज, विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है।

राहुल की चुटकी
राहुल ने चुटकी ली कि मोदी सरकार ने अरबपतियों का कर्जा माफ किया उतना पैसा वो पिछड़ों को देंगे। ऐसा हुआ तो मीडिया सवाल करते हुए कहेगी आप लोगों की आदत बिगाड़ रहे हो। मनरेगा में पैसा फ्री नहीं मिलता लेकिन मीडिया ने कहा आदत बिगाड़ दी। राहुल ने मीडिया से सवाल किया कि अरबपतियों का कर्जा माफ करना क्या आदत बिगाड़ना नहीं है ?

एमएसपी को कानूनी बना देंगे, कर्जा माफ करेंगे
एमएसपी को लेकर किसानों के लिए कानून बनाएंगे। जिस तरह नरेंद्र मोदी जी ने 16 लाख करोड़ रुपए का कर्जा अरबपतियों का माफ किया है, वैसे ही हम हिंदुस्तान के किसानों का कर्जा माफ कर देंगे।

यह भी पढ़ें : राजस्थान के करौली में पीएम मोदी ने कही ये बड़ी बातें? राम मंदिर, कश्मीर, पानी की समस्या पर क्या कुछ कहा जानें

Story Loader