
Jodhpur News: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करीब दस माह बाद फिर से जोधपुर आ रहे हैं। वे रविवार को राजस्थान हाईकोर्ट की स्थापना के प्लेटिनम जुबली समापन समारोह में शामिल होंगे। पीएम मोदी इससे पहले विधानसभा चुनाव का बिगुल बजने से पहले 5 अक्टूबर 2023 को जोधपुर आए थे। तब सभा करते हुए उन्होंने शिलान्यास व लोकार्पण कर कई सौगातें दी थी। इससे पहले 2018 और 2019 में भी पीएम यहां सभा को संबोधित कर चुके हैं।
अपने पिछले दौरे पर मोदी ने सियासी बाण चलाने के साथ ही प्रदेश को कई सौगातें दी थीं और विकास की तस्वीर भी खींची थी। जिन बातों का जिक्र हुआ उनमें से कई काम शुरू हो चुके हैं। अब रविवार को आ रहे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से जोधपुर और मारवाड़ की उम्मीदें और भी बढ़ जाती हैं। इससे पहले पीएम मोदी की जितनी भी सभाएं हुई हैं, वे रावण का चबूतरा मैदान यानि रामलीला मैदान में हुईं। पिछली सभा में उन्होंने 38 मिनट तक जनता को संबोधित किया था।
प्रधानमंत्री मोदी का विशेष विमान एयर फोर्स स्टेशन पर लैंड करेगा और वहां से मुख्य पाली रोड नहीं होकर वैकल्पिक रोड से हाई कोर्ट परिसर पहुंचेंगे। वे एयरफोर्स स्टेशन से सीधे ज्यूडिशल एकेडमी होते हुए गुड़ा रोड से हाईकोर्ट परिसर पहुंचेंगे। इसी रोड पर पुलिस और एसपीजी की ट्रायल भी शनिवार को की जाएगी। हाईकोर्ट के आसपास मुख्य संपर्क सड़कों का डामरीकरण कर झाड़ियों को साफ किया गया है। झालामंड में क्षतिग्रस्त सड़क और ट्रंक लाइन को ठीक कर दिया है।
राजस्थान हाईकोर्ट के जुबली कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। करीब दो हजार लोगों के बैठने के लिए डोम तैयार किया गया है। व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के लिए संभागीय आयुक्त बीएल मेहरा, कलक्टर गौरव अग्रवाल, पुलिस कमिश्नर राजेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने यहां का दौरा किया।
मोदी शाम करीब 4 बजे जोधपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से झालामंड स्थित हाईकोर्ट परिसर कार्यक्रम स्थल जाएंगे। वे शहर में दो घंटे तक रहेंगे। इस दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस के साथ ही भाजपा ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं। एयरपोर्ट से लेकर हाईकोर्ट परिसर तक रास्ते को सजाया जाएगा।
Updated on:
24 Aug 2024, 7:48 AM IST
Published on:
24 Aug 2024, 7:47 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.