
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के पूर्वानुमानों के अनुसार जोधपुर में इस साल का दिसम्बर गर्म रहा। बीते दस साल में दूसरी बार दिसम्बर का महीना सबसे गर्म रहा। इस बार दिसम्बर में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री से नीचे नहीं गया। इससे पहले 2022 में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और 2016 में 8.6 डिग्री से नीचे नहीं गया था। जोधपुर में दिसम्बर में सर्वाधिक कम तापमान 1973 में रहा था, उस साल 29 दिसम्बर को पारा 1.7 डिग्री तक पहुंचा। उस दौरान कड़ाके की ठंड ने शहरवासियों का जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया। मौसम विभाग के अनुसार अब जनवरी में कुछ सर्दी पड़ने की संभावना है।
जनवरी के प्रथम सप्ताह में मौसम शुष्क रहेगा। साथ ही कोहरा छाया रहेगा। पांच जनवरी से शीतलहर का दौर शुरू होगा जो एक सप्ताह तक जारी रहेगा। इस दौरान तेज सर्दी पड़ने का पूर्वानुमान है। देश के उत्तरी हिस्से से आ रही ठंडी हवा के कारण बीती रात अधिकांश स्थानों पर तापमान में गिरावट आई। फलोदी में पारा 5.2 डिग्री पहुंच गया। वहां कड़ाके की सर्दी से लोगों की धूजणी छूट पड़ी। जोधपुर में तापमान 11.5 डिग्री रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहेगा और ठंडी हवा के कारण जाड़ा तेज होने की संभावना है। मंगलवार को तापमान में गिरावट आ सकती है। सूर्यनगरी में सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। तापमान 11.5 डिग्री होने के बावजूद ठिठुरन का अहसास रहो।
31 में से केवल 3 दिन पारा दस डिग्री से नीचे
जोधपुर में इस साल दिसम्बर में फीकी सर्दी का आलम इस बात से भी लगाया जा सकता है कि इस बार महीने के 31 दिन में से केवल 3 दिन ही तापमान दस डिग्री से नीचे रहा। दस दिसम्बर को 9.6, 11 दिसम्बर को 8.6 और 12 दिसम्बर को 9.3 डिग्री मापा गया। तीन दिसम्बर की रात सर्वाधिक गर्म रात रही, जब तापमान 17 डिग्री से नीचे नहीं गया। पूरे महीने में कड़ाके की सर्दी नहीं पड़ी।
वर्ष- न्यूनतम तापमान
2023- 8.6 (11 दिसम्बर )
2022- 9.0 (31 दिसम्बर)
2021- 6.0 (19 दिसम्बर)
2020- 4.8 (28 दिसम्बर)
2019- 4.4 (27 दिसम्बर)
2018- 4.6 (29 दिसम्बर)
2017- 8.5 (24 दिसम्बर)
2016- 8.6 (22 दिसम्बर)
2015- 6.0 (15 दिसम्बर)
2014- 6.6 (27 दिसम्बर)
2013- 4.9 (31 दिसम्बर)
(29 दिसम्बर 1973 को न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री रहा था।)
Published on:
02 Jan 2024 01:40 pm
बड़ी खबरें
View Allजोधपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
