
जोधपुर. निगम पार्षद और पूर्व मंत्री राजेंद्र गहलोत को भाजपा ने इस बार राज्यसभा का टिकट थमाया है। बाड़मेर से लौटते समय राजेन्द्र गहलोत को यह खुशखबरी मिली। वे सीधे पाल बालाजी मंदिर पहुंचे और दर्शन किए। इसके बाद सरदारपुरा स्थित भाजपा कार्यालय में स्वागत किया गया। गहलोत जनसंघ के जमाने से भाजपा से जुड़े हैं। आपातकाल के दौरान 19 माह तक जेल में रहे। वर्ष 1980 में प्रदेश युवा मोर्चा के प्रथम अध्यक्ष और फिर भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रहे।
वर्ष 1977 में सोजत से विधानसभा का चुनाव लड़ा। गहलोत सरदारपुरा विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रह चुके हैं। वे भैंरोंसिह शेखावत सरकार में राज्यमंत्री रहे। वर्ष 2006 में वसुंधरा राजे सरकार के समय नगर विकास न्यास के चेयरमैन रहे। वे जोधपुर नगर निगम के निवर्तमान पार्षद और भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। हाल ही हुए प्रदेशाध्यक्ष चुनाव में वे प्रदेश संगठन संरचना चुनाव अधिकारी भी रहे।
कई जगह स्वागत
भाजपा कार्यालय में निर्वमान महापौर घनश्याम ओझा, पूर्व अध्यक्ष प्रसन्न मेहता, जोगाराम पटेल, पुनाराम चौधरी, राजेन्द्र बोराणा, मुकेश लोढा, अचलसिंह मेड़तिया ने स्वागत किया। इसके बाद उनके निवास पर लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। यहां पूर्व अध्यक्ष नरेन्द्र कच्छवाह, वरूण धनाडिया, पवन आसोपा सहित अन्य ने स्वागत किया।
Updated on:
12 Mar 2020 02:22 pm
Published on:
12 Mar 2020 02:22 pm
