
सिटी बस कंडक्टर से वसूली, हेड कांस्टेबल निलम्बित
जोधपुर.
राइकाबाग ओवरब्रिज के पास सिटी बस स्टैंड पर सिटी बस के कंडक्टर से यातायात पुलिस के हेड कांस्टेबल ने कथित अवैध वसूली की। वीडियो वायरल होने पर हेड कांस्टेबल को शनिवार रात निलम्बित कर जांच के आदेश दिए गए।
पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय व यातायात) राजेश कुमार मीना ने बताया कि पावटा चौराहे पर सिटी बस स्टैण्ड पर सिटी बस परिचालक से कथित अवैध वसूली का वीडियो सामने आया। जिस पर तुरंत ही यातायात पुलिस के हेड कांस्टेबल विशनाराम को निलम्बित कर दिया गया। साथ ही यातायात के एसीपी (पूर्व) को मामले की जांच करने के आदेश दिए गए हैं।
मोबाइल बात कराई और फिर लेन-देन
वायरल वीडियो शुक्रवार का बताया जाता है। जिसमें राइकाबाग ओवरब्रिज के पास सिटी बस स्टैण्ड पर यातायात पुलिस की वर्दी पहने हेड कांस्टेबल सिटी बस के आस-पास घूम रहा है। फिर उसने सिटी बस के एक चालक से बात कराई। कुछ देर इधर-उधर टहलने के बाद हेड कांस्टेबल सिटी बस के पास दुबारा आता है। बस कंडक्टर के पास आने पर हेड कांस्टेबल ने उसे बात करने के लिए मोबाइल दिया। इस दौरान कंडक्टर उसे ऊपर की जेब से निकालकर कुछ लेन-देन करता है। यह पूरा मामला बस स्टैण्ड पर मौजूद एक व्यक्ति ने मोबाइल में गोपनीय तरीके से रिकॉर्ड कर लिया।
Published on:
19 Sept 2021 03:10 am
