
सर्दी से बचने को हीटर लगाया, कंबल में आग से सेवानिवृत्त चालक जिंदा जले
जोधपुर. सदर बाजार थानान्तर्गत त्रिपोलिया बाजार में बडेर की गली मस्जिद के पास सर्दी से बचने के लिए हीटर चालू करने से सोमवार शाम एक वृद्ध की जान पर बन आई। हीटर से कम्बल में लगी आग से वृद्ध जिंदा जल गए। मृतक जिला पूल में चालक से सेवानिवृत्त थे।
थानाधिकारी बंशीलाल वैष्णव ने बताया कि त्रिपोलिया बाजार में बडेर की गली मस्जिद के पास निवासी शेर मोहम्मद (७०) पुत्र मोहम्मद इब्राहिम की जिंदा जलने से मृत्यु हुई है। शव महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। मृतक जिला पूल में चालक थे और वर्ष २००७ में सेवानिवृत्त हो गए थे।
कमरा बंद कर चालू किया हीटर
पुलिस का कहना है कि शेर मोहम्मद के घरवाले रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए ओसियां गए थे। वृद्ध शेर मोहम्मद व एक पुत्रवधू ही घर पर थे। शाम होने पर सर्दी बढऩे लगी तो शेर मोहम्मद ने खुद को कमरे में बंद कर हीटर चालू किया। कम्बल ओढक़र वृद्ध ने कमरे की खिड़कियां व दरवाजे बंद कर दिए। पुत्रवधू प्रथम तल पर कमरे में थी। इस बीच, कम्बल के एक हिस्से में हीटर से आग लग गई। बंद कमरा धुएं से भर गया और वृद्ध जिंदा जल गए। आस-पास के लोगों ने धुआं निकलते देखा तो घरवालों को सूचना दी। साथ ही कमरे का दरवाजा तोडक़र अंदर पहुंचे। पानी डालकर आग बुझाई, लेकिन तब तक वृद्ध की मृत्यु हो चुकी थी। पुलिस घटनास्थल पहुंची और जांच के बाद शव मोर्चरी भिजवाया।
Published on:
12 Jan 2021 03:27 pm
