
चौरड़िया गांव में रोडवेज बस पहुंचने पर दल सदस्यों का स्वागत करते ग्रामीण। फोटो- पत्रिका
सेतरावा। सेतरावा तहसील क्षेत्र के कई गांवों में देश की आजादी के बाद मंगलवार को पहली बार रोडवेज बस पहुंची। इस ऐतिहासिक क्षण से ग्रामीणों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और गांव-गांव में स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए।
लंबे समय से परिवहन सुविधा से वंचित इन गांवों के लोगों के लिए यह बस सेवा किसी बड़े बदलाव से कम नहीं है। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के जैसलमेर डिपो की ओर से अप्रेल 2026 से जोधपुर-जैसलमेर वाया देवीकोट नई रोडवेज बस सेवा शुरू की गई है, जिससे क्षेत्र के लोगों को सीधा लाभ मिलने लगा है।
यह वीडियो भी देखें
यह बस जैसलमेर से रवाना होकर देवीकोट, सांकड़ा, भणियाणा, रातड़िया-झाबरा होते हुए सेतरावा तहसील क्षेत्र के कलाऊ फांटा, जेठानिया और चौरड़िया होते हुए सेतरावा पहुंचेगी, इसके बाद जोधपुर के लिए प्रस्थान करेगी। निर्धारित समय सारणी के अनुसार बस सुबह 7 बजे जैसलमेर से रवाना होती है, सांकड़ा सुबह 9.15 बजे और सेतरावा सुबह 10.30 बजे पहुंचती है।
सेतरावा से दोपहर 1 बजे यह बस जोधपुर के लिए रवाना होती है। वहीं वापसी में जोधपुर से दोपहर 3.15 बजे चलकर शाम 5.45 बजे सेतरावा पहुंचती है, वहां से शाम 7 बजे सांकड़ा और रात 8 बजे जैसलमेर पहुंचकर इसका रात्रि ठहराव होता है। इससे दैनिक आवागमन करने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
बस जब अपने निर्धारित रूट पर गांवों में पहुंची तो ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में एकत्रित होकर जोरदार स्वागत किया। झाबरा सीमा पार करते ही कलाऊ फांटा और जेठानिया गांव में लोगों ने खुशी जाहिर की, क्योंकि यहां आजादी के 79 साल बाद पहली बार रोडवेज सेवा पहुंची है। यह दृश्य ग्रामीणों के लिए बेहद भावुक कर देने वाला था।
इस दौरान रोडवेज के जैसलमेर आगार प्रबंधक दीपक कुमार, प्रबंधक (संचालन) महेन्द्रसिंह भाटी, प्रबंधक (यातायात) भोमाराम नेहरा, यातायात निरीक्षक मूलचंद और समय सारणी प्रभारी विमल विश्नोई भी मौजूद रहे। चौरड़िया और सेतरावा में ग्रामीणों ने बस चालक राजाराम विश्नोई और परिचालक आनंदसिंह भाटी का माल्यार्पण कर स्वागत किया। वरिष्ठ नागरिक और रिटायर्ड फौजी चंद्रसिंह ने चौरड़िया से जोधपुर तक की पहली यात्रा कर इस सेवा की शुरुआत को यादगार बना दिया।
Updated on:
01 Apr 2026 09:20 pm
Published on:
01 Apr 2026 09:20 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
