
नौकरी लगाने का झांसा देकर 16 लाख रुपए ऐंठे
जोधपुर.
अस्पताल में रेडियोग्राफर व अन्य सरकारी महकमों में नौकरी लगाने का झांसा देकर एक युवक ने पांच जनों से 16 लाख रुपए ऐंठ लिए। नौकरी न लगने व रुपए लौटाने की जगह धमकियां देने पर पीडि़त व्यक्तियों की तरफ से चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया।
पुलिस के अनुसार भोपालगढ़ निवासी महादेव चोटिया पुत्र रामनिवास जाट ने ओसियां तहसील में बिरसालू कला के मेघवालों की ढाणी निवासी सुखदेव उर्फ ऋषि पुत्र भंवरलाल जाट के खिलाफ 16 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया। आरोप है कि वर्ष 2018 में यूक्रेन में मेडिकल की पढ़ाई करने के दौरान महादेव की सुखदेव से मित्रता हुई थी। उसने भी यूक्रेन से मेडिकल करने की जानकारी दी थी। फिर वह जोधपुर लौट गया था। कोरोना संक्रमण के दौरान जून 2020 में महादेव भी गांव आ गया था।
इस बीच, सुखदेव ने महादेव से सम्पर्क कर खुद के मथुरादास माथुर अस्पताल में बतौर चिकित्सक की नौकरी लगने का बताया। उसने यह भी कहा कि उसने सैेटिंग से चिकित्सक की डिग्री हासिल की। उसकी ऊपर अफसरों में जान-पहचान है और वह रुपए के बदले किसी भी सरकारी महकमे में नौकरी लगा सकता है। उसने जोधपुर के सरकारी अस्पताल में रेडियोग्राफर की भर्ती निकलने और सैटिंग से नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। उसकी बातों में आकर महादेव ने अपनी बहन व मौसेरे भाई की रेडियोग्राफर की नौकरी लगाने के लिए बात की। बदले में 14 व 15 जुलाई 2020 को चेक व ऑनलाइन से 5 लाख रुपए सुखदेव को दिए।
फिर सीएचओ की भर्ती निकली तो महादेव ने मामा के दो पुत्रों की नौकरी लगाने के लिए बात की थी। 9 नवम्बर 2020 को उद्यान अपार्टमेंट में 4-4 लाख लिए। नवम्बर 2020 में लखनऊ एफसीआइ में सुपरवाइजर की नौकरी के लिए मामा के एक अन्य पुत्र विक्रम की नौकरी के लिए तीन लाख रुपए ले लिए थे। सोलह लाख रुपए लेने के बावजूद किसी की भी नौकरी नहीं लगी। रुपए लौटाने के लिए बात की, लेकिन सुखदेव ने लौटाने से इनकार कर दिया। साथ ही रुपए मांगने पर धमकियां भी दी।
Published on:
17 Jul 2021 01:40 am
