
एम्स में वार्ड बॉय की नौकरी का झांसा देकर 5.30 लाख रुपए ऐंठे
जोधपुर.
एम्स में वार्ड बॉय की नौकरी लगाने का झांसा देकर तीन बेरोजगार युवकों से 5.30 लाख रुपए ऐंठ लिए गए। नौकरी नहीं लगने पर युवकों ने राशि लौटाने का आग्रह किया तो दो युवक मुकर गए और उलटा धमकियां देने लगे। कुड़ी भगतासनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार मूलत: मादड़ी हाल झालामण्ड चौराहा क्षेत्र में सीएमएचओ ऑफिस के पास निवासी भागीरथसिंह पुत्र सज्जनसिंह राजपुरोहित ने कोर्ट में पेश इस्तगासे के आधार पर मूलत: बिलाड़ा थानान्तर्गत भगसानी हाल केबीएचबी में सेक्टर 1 बी निवासी महेन्द्र पुत्र पुखराज सुथार और भरतसिंह जोधा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया। आरोप है कि वह और दोनों आरोपी एक ही मकान में किराएदार थे। पांच साल से जान-पहचान होने पर दोनों आरोपियों ने उसकी एम्स में वार्ड बॉय की नौकरी लगाने का झांसा दिया था। तब भागीरथ ने अपने परिचित वीरेन्द्रसिंह व सुखदेवसिंह से भी बात की। तीनों की नौकरी लगाने की एवज में आरोपियों को 5.30 लाख रुपए दे दिए गए। इस संबंध में 16 अप्रेल 2019 को इकरारनामा भी तैयार किया गया था। नौकरी न लगने पर युवकों ने दोनों से रुपए लौटाने के बारे में बात की। पहले तो दोनों टालमटोल करते रहे। फिर उन्होंने लौटाने से इनकार कर दिया। साथ ही झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां भी दी।
Published on:
16 Jun 2021 11:20 am
