10 अगस्त 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

नाली निर्माण की एवज में महिला सरपंच व शिक्षक पति ले रहे थे दस हजार की रिश्वत, यूं हुए गिरफ्तार

जोधपुर एसीबी टीम की पाली जिले की रानी पंचायत समिति के रानी कला गांव में कार्रवाई  
2 min read
Google source verification
bribe cases in jodhpur

bribe charges, bribe, arrested for taking bribe, Teacher arrested for taking bribe, jodhpur crime news, jodhpur news, jodhpur news in hindi

जोधपुर. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो जोधपुर की विशेष विंग ने पाली जिले की रानी पंचायत समिति के रानी कला गांव में फैक्ट्री से कुछ दूरी पर नाली का निर्माण कराने की एवज में दस हजार रुपए रिश्वत लेते गांव की सरपंच व उसके शिक्षक पति को शनिवार को गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक (एसीबी) डॉ विष्णु कांत ने बताया कि रानी कला की सरपंच संतोष भाटी व उसके पति नारायणलाल को दस हजार रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। सरपंच पति सुमेरपुर तहसील में चैनपुरा स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक है।

सरपंच व पति के खिलाफ गांव के ही रमेश कुमार सैन की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। सरपंच की तरफ से रानी कला गांव में नाली का निर्माण कार्य चल रहा है। रमेश के मित्र शंकरलाल की गांव में ट्रैक्टर ट्रॉली बनाने की फैक्ट्री है। नाली का निर्माण फैक्ट्री के पास से न करके कुछ दूरी से करवाने की एवज में सरपंच ने दस हजार रुपए रिश्वत की मांग की। चूंकि फैक्ट्री की देखरेख रमेश कुमार सैन करता है इसलिए उसने इसकी शिकायत एसीबी की विशेष विंग से की। एसीपी ने गोपनीय सत्यापन करवाया तो सरपंच व उसके पति के रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।

इस पर एसीबी ने शनिवार सुबह दस बजे परिवादी रमेश को रिश्वत राशि देने के लिए सरपंच के घर भेजा, जहां सरपंच संतोष ने उससे बतौर रिश्वत दस हजार रुपए ले लिए। जो बरामदे में बनी अलमारी में रखे अखबार के बीच रख दिए। तभी इशारा मिलते ही एसीबी की विशेष विंग के उपाधीक्षक जगदीश सोनी ने दबिश देकर सरपंच संतोष भाटी और रिश्वत लेने में शामिल पति नारायण लाल को गिरफ्तार कर लिया। रिश्वत राशि जब्त भी कर ली गई। कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक रमेश खिडिय़ा, हेड कांस्टेबल मेघराज, कांस्टेबल सीता, देवाराम, प्रकाश, अर्जुन सिंह, रामचन्द्र सिंह, ओमप्रकाश, खुम्माराम व कनिष्ठ लिपिक भंवरलाल शामिल थे।