
Chandra Grahan 2022 : देव दीपावली पर लगेगा साल का दूसरा चंद्रग्रहण, जानें क्या होगा असर
जोधपुर. साल का दूसरा चंद्र ग्रहण 8 नवंबर को देव दीपावली के दिन लगने जा रहा है। वर्ष 2022 में सिर्फ 15 दिन के अंतराल में ही दो ग्रहण का होना अशुभ माना गया है। इससे पहले दीपावली के दूसरे दिन सूर्य ग्रहण हुआ था। ज्योतिषियों के अनुसार चंद्र ग्रहण भारत में दिखाई देने के कारण इसका सूतक भी रहेगा। चंद्र ग्रहण का सूतक 9 घंटे पहले शुरू हो जाता है। ग्रहण की शुरुआत भारतीय समय अनुसार दोपहर 2.41 बजे से होगी। शाम 6.18 बजे तक ग्रहण रहेगा। ये ग्रहण अमरिका में पूर्ण चंद्र ग्रहण के रूप में दिखेगा। भारत में चंद्र ग्रहण के चंद्र उदय के साथ शाम 5.32 बजे से दिखने लगेगा। ये चंद्र ग्रहण मेष राशि में होगा। ग्रहण का सूतक सुबह 8.20 बजे से शुरू होकर शाम 6.20 बजे समाप्त होगा।
यह होगा चन्द्रग्रहण का असर
आचार्य वराहमिहिर की बृहत्संहिता के अनुसार जब एक साथ दो ग्रहण होते हैं और दोनों एक देश में दिखाई देते हैं तो सेना की हलचल में बढ़ोतरी होती है। जहां-जहां दोनों ग्रहण दिखते हैं, वहां सरकारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। शुक्र ग्रह की वजह से घर-परिवार में क्लेश बढ़ सकते है। ज्योतिष अनीष व्यास के अनुसार चंद्र ग्रहण भारतीय समय के अनुसार शाम 5:32 मिनट पर शुरू होकर शाम 6:18 मिनट पर खत्म होगा।
चंद्र ग्रहण
चंद्र ग्रहण का प्रारंभ समय (चंद्रोदय के साथ) : शाम 5:32 बजे
चंद्र ग्रहण की समाप्ति समय : शाम 6:18 बजे
ग्रहण अवधि : 45 मिनट 48 सेकंड
कहां-कहां दिखेगा चंद्र ग्रहण
भारत में केवल पूर्वी हिस्सों में चंद्र ग्रहण देखने को मिलेगा। जबकि देश के बाकी हिस्सों में आंशिक चंद्र ग्रहण दिखाई देगा। जिन शहरों में पूर्ण चंद्र ग्रहण दिखाई देगा उनमें कोलकाता, सिलीगुड़ी, पटना, रांची, गुवाहाटी, काठमांडू, टोक्यो, मनीला, बीजिंग, सिडनी, जकार्ता, मेलबर्न, सैन फ्रांसिस्को, वाशिंगटन डीसी, न्यूयॉर्क शहर, लॉस एंजिल्स, शिकागो और मेक्सिको सिटी शामिल हैं।
Published on:
31 Oct 2022 10:16 am
