
नकली घी से भरे 202 व तेल से भरे 404 टिन जब्त,नकली घी से भरे 202 व तेल से भरे 404 टिन जब्त
जोधपुर.
महामंदिर थाना पुलिस ने भदवासिया की हरिजन बस्ती के मकान में नकली घी बनाने के कारखाने से बुधवार देर रात तक चली कार्रवाई में नकली घी से भरे 202 और तेल से भरे 404 टिन जब्त कर दो भाइयों सहित चार जनों को गिरफ्तार किया। मकान से 170 खाली टिन, गैस भट्टी, बड़ी संख्या में ढक्कन व सीलें भी जब्त किए गए।
थानाधिकारी सुमेरदान चारण के अनुसार हरिजन बस्ती में रूपा बाई का जाव में नवरतन चौरडि़या के मकान में नकली घी बनाकर बेचने के संदेह में बुधवार रात दबिश दी गई। देर रात तक चली कार्रवाई में नकली घी से भरे 202 टिन, नकली तेल से भरे 404 टिन, 170 खाली टिन, नकली बनाने में प्रयुक्त होने वाली गैस भट्टी, बड़ी संख्या में ढक्कन व सीलें जब्त की गईं। पुलिस की सूचना पर सीएमएचओ की तरफ से नकली घी के संदेह में नमूने लिए गए।
पुलिस ने आइपीसी की धारा 272, 273 व 420 में मामला दर्ज कर महामंदिर में महावीर नगर निवासी दिनेश पुत्र हरचंद जैन, रूपा बाई का जाव निवासी हितेश उर्फ सिद्धू पुत्र संजय चौरडि़या, संजय पुत्र हरकचंद जैन और मूलत: भोजासर हाल पहाडग़ंज द्वितीय निवासी ओमप्रकाश पुत्र बीरबलराम बिश्नोई को गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से चारों को दो-दो दिन के रिमाण्ड पर भेजने के आदेश दिए गए। आरोपियों से नकली घी के कारोबार में लिप्त अन्य के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
Published on:
26 Jun 2020 12:17 am
