11 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

चार सालों की रेल सुविधाओं की मांगें चुनावी साल में पूरी करने में जुटे हैं नेता, दौड़ाने लगे हैं ‘लोकसभा एक्सप्रेस’

मारवाड़ के कई स्टेशनों पर नेताओं ने करवाया ठहराव
2 min read
Google source verification
jodhpur railway services

चार सालों की रेल सुविधाओं की मांगें चुनावी साल में पूरी करने में जुटे हैं नेता, दौड़ाने लगे हैं ‘लोकसभा एक्सप्रेस’

अविनाश केवलिया/जोधपुर. चुनावी साल है तो जनता को कई सौगातें मिलना स्वभाविक है। अब मामला लोकसभा चुनाव और केन्द्र सरकार से जुड़ा है तो रेवडिय़ां भी उस लिहाज से ही बंटेगी। इस बार आमजन से जुड़ाव व वोट बैंक मजबूत करने के लिए रेलवे की पटरियों के सहारे नैया पार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पिछले दो माह में पश्चिमी राजस्थान में रेल सुविधाएं देने की मानो बहार आ गई है।

जनता जो पिछले चार साल से रेल विकास से संबंधित मांगें रख रही थी, नेताजी अब उनकी पुकार सुन रहे हैं। इन्हें पूरा करने के लिए वे दिल्ली तक दौड़ भी लगा रहे हैं। विधानसभा चुनाव के बाद ट्रेनों के ठहराव व सौगातों का सिलसिला काफी बढ़ गया है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने 2018 के अंत में यह बात खुद स्वीकार की थी कि पिछले तीन साल में उनके जोन में आने वाले स्टेशनों पर 50 ट्रेनों का ठहराव हुआ है। अब पिछले दो माह में ही पश्चिमी राजस्थान के चार लोकसभा क्षेत्रों में रेलवे ने करीब 15 सौगातें दी हैं। आमजन के बीच अपना पलड़ा मजबूती से रखने और अगले चुनावी प्रचार में उपलब्धियां गिनाने में इन सौगातों का उपयोग किया जाएगा।

समारोह के जरिए जड़े गहरी करने का दांव

पिछले दो माह से रेलवे स्टेशन पर समारोह का सिलसिला भी बढ़ा है। सांसदों ने ट्रेनों का ठहराव करवाने के बाद श्रेय लेने में भी कोई कसर नहीं छोड़ी है। हर लोकसभा क्षेत्र में पिछले दो माह में रेल सुविधाओं से संबंधित 4-5 कार्यक्रम हुए हैं। जिनमें अपने काम गिनाने व वोट अपील भी सांसदों द्वारा की गई है।

ठहराव की प्रमुख लंबित मांगें जो अब हुई पूरी

- दिल्ली-जोधपुर-बाड़मेर मालाणी एक्सप्रेस का जोधपुर जिले के धुंधाड़ा स्टेशन पर ठहराव।
- अहमदाबाद-भगत की कोठी एक्सप्रेस का जोधपुर के धुंधाड़ा स्टेशन पर ठहराव।
- बेंगलुरू-भगत की कोठी ट्रेन का जोधपुर तक विस्तार।
- रानीखेत एक्सप्रेस का जोधपुर के लोहावट स्टेशन पर ठहराव।
- जोधपुर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस का सिरोही जिले के पिंडवाडा स्टेशन पर ठहराव।
- अहमदाबाद-अजमेर एक्सप्रेस का सिरोही जिले के स्वरूपगंज स्टेशन पर ठहराव।
- अजमेर-अहमदाबाद इंटरसिटी का पाली जिले के रानी स्टेशन पर ठहराव।
- जैसलमेर-जोधपुर ट्रेन का जोधपुर जिले के तिंवरी स्टेशन पर ठहराव।
- जैसलमेर-बांद्रा टर्मिनस का जोधपुर जिले के मथानिया स्टेशन पर ठहराव।
- संभाग के अन्य स्टेशन पर भी ट्रेनों का ठहराव हुआ है।
- मारवाड़ से चलने वाली कई ट्रेनों का ठहराव अन्य प्रदेशों में भी किया गया है।

(इन टे्रनों के अप-डाउन दोनों फेरों का ठहराव किया गया है।)

सांसदों के पास यह काम भी गिनाने को
- जोधपुर सांसद के पास भगत की कोठी द्वितीय द्वार व रेल दोहरीकरण का कार्य।
- पाली सांसद के पास जवाई बांध स्टेशन पर हाई लेवल प्लेटफार्म व फुट ओवरब्रिज की सौगात गिनाने को है।
- पोकरण स्टेशन के लिए 5 किलोमीटर का लूप व 35 करोड़ का बजट स्वीकृत करवा कई ट्रेनों के ठहराव का सपना जोधपुर सांसद दिखा चुके हैं।
- पाली सांसद ने रानी व मारवाड़ जंक्शन स्टेशन पर किया भवन का लोकार्पण।