
कार में बैठ धक्का लगवाया, मिट्टी से निकलते ही ले भागा
जोधपुर.
पाल बाइपास पर एक होटल के सामने मिट्टी में फंसी कार निकालने के लिए मदद के बहाने एक युवक ने चालक सीट पर बैठ मैकेनिक से धक्का लगवाया और मिट्टी से निकलने पर कार लेकर भाग गया। उसके दो साथी मोटरसाइकिल लेकर भाग छूटे। चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाने में चोरी का मामला दर्ज कराया गया।
पुलिस के अनुसार पाल गांव में बैरा नगर निवासी मुकेश पुत्र बद्रीराम जाट का डीपीएस चौराहे के पास कार रिपेयरिंग का कारखाना है, जहां रविवार को देवेन्द्र शर्मा अपनी जयपुर नम्बर की कार सर्विस करवाने के लिए लेकर आए। सर्विस करने के बाद कारखाने का मैकेनिक करण खाना खाने के लिए कार लेकर बाइपास स्थित एक होटल गया, जहां सडक़ के दूसरी तरफ कार मिट्टी में फंस गई।
इस बीच, मोटरसाइकिल पर तीन युवक आए और मैकेनिक करण को मदद की पेशकश की। मैकेनिक कार से उतरा तो एक युवक चालक सीट पर बैठ गया। फिर मैकेनिक व अन्य दोनों युवक कार को धक्का देने लगे। जिससे कार मिट्टी में से निकल गई। वह युवक कार को रोड पर लाने के बहाने तेज रफ्तार कर भगा ले गया। उसके दोनों साथी भी बाइक पर बैठकर उसके पीछे भाग गए। मैकेनिक कुछ समझ पाता तब तक सभी वहां से रफ्फूचक्कर हो गए। कारखाना मालिक मुकेश की तरफ से पुलिस ने तीनों युवकों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कराया।
Published on:
18 Jan 2021 11:43 pm
