
स्टील व्यवसायी व परिजन को पिस्तौल दिखाकर चार करोड़ रुपए मांगे
जोधपुर।
सरदारपुरा में नेहरू पार्क के पास स्टील व्यवसायी (Stell businessman) व परिजन को पिस्तौल से डरा धमकाकर चार करोड़ रुपए देने का दबाव डाला जा रहा है। आरोपी ने फेसबुक पर राशि न चुका पाने के संबंध में वीडियो भी अपलोड कर दिया। व्यवसायी ने सरदारपुरा थाने में आरोपी के खिलाफ डरा धमकाकर वसूली के प्रयास का मामला दर्ज कराया। (Extortion for 4 crore Rs)
पुलिस के अनुसार नेहरू पार्क के पास निवासी स्टील व्यवसायी ने भदवासिया के तिलक नगर निवासी सुरेश पुत्र मिश्रीलाल व्यास के खिलाफ चार करोड़ रुपए की अवैध वसूली के लिए डराने व धमकाने और पिस्तौल दिखाने का मामला दर्ज करया है। जांच की जा रही है। आरोप है कि व्यवसायी व आरोपी के बीच लेन-देन था। व्यवसायी ने अपने एक मित्र के मार्फत सुरेश व्यास को ब्याज सहित सम्पूर्ण राशि अदा कर दी थी। इसके बावजूद आरोपी चार करोड़ रुपए और मांगने लग गया। इसके लिए उसने व्यवसायी के परिजन को पिस्तौल से डराने व धमकाने का प्रयास किया था। वह उसे फैक्ट्री व अन्य जगहों पर जाकर डराने व धमकाने लग गया। गत 10 सितम्बर को आरोपी ने व्यवसायी को पिस्तौल दिखाई व चार करोड़ रुपए मांगे थे।
इस बीच, गत 29 अक्टूबर को आरोपी ने फेसबुक पर वीडियो अपलोड कर दिया था। जिसमें व्यवसायी के रुपए अदा न करने और उससे तंग व परेशान होकर गलत कदम उठाने के लिए डराया व धमकाया गया था। इससे व्यवसायी की समाज में प्रतिष्ठा धूमिल होने लग गई।
तब व्यवसायी थाने पहुंचा और आरोपी के खिलाफ अवैध वसूली के लिए डराने व धमकाने और आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया में अपलोड करने का आरोप लगाया।
Published on:
01 Nov 2023 12:44 am
