
जोधपुर . महामंदिर थानान्तर्गत ब्रह्मपुरी क्षेत्र में पांच कारों में तोड़-फोड़ के बाद बदमाशों ने रविवार रात लोगों को न सिर्फ धमकाया, बल्कि घरों में पथराव भी किए। आक्रोशित मोहल्लेवासी देर रात महामंदिर थाने पहुंचे और हंगामा कर व धरना देकर कार्रवाई की मांग की। मोहल्लेवासियों ने बताया कि मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने शनिवार देर रात लोहे के सरिए व डण्डों से ब्रह्मपुरी में घरों के बाहर खड़ी पांच कारों के शीशे फोड़ डाले। कार मालिक की तरफ से महिला ने पुलिस में लिखित शिकायत भी दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस बीच, रविवार रात तीनों युवक फिर ब्रह्मपुरी में आए और हाथों में धारदार हथियार लहराकर पुलिस कार्रवाई कर लेने को धमकियां देने लगे। यह सुनकर कारों का नुकसान झेलने वाले युवक व मोहल्लेवासी बाहर आए और उन्हें पकडऩे का प्रयास किया, लेकिन तीनों युवक एकबारगी वहां से भाग निकले। कुछ देर बाद तीनों युवक कुछ और लोगों को साथ लेकर आए घरों में पथराव शुरू कर दिए। जिससे एकबारगी वहां अफरा-तफरी सी मच गई। मोहल्लेवासियों ने पुलिस को फोन कर सूचित किया। तब हमलावर और धमकियां देकर वहां से भाग निकले।
थाने में नारेबाजी, हंगामा व धरना
देर रात मोहल्ले के पुरुष व महिलाएं महामंदिर थाने पहुंचे और कार्रवाई न करने पर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही थाने में धरना देकर बैठ गए। मोहल्लेवासियों ने युवकों पर आए दिन युवतियों से छेड़छाड़, तेज रफ्तार में वाहन चलाने व अशांति फैलाने का आरोप लगाया। उप निरीक्षक ठाकराराम ने बताया कि गजेन्द्र, अजय व विजय के खिलाफ शिकायत मिली है। मोहल्लेवासियों से समझाइश कर जल्द कार्रवाई का विश्वास दिलाया गया है।