
Smuggling: 15 हजार रुपये प्रति ट्रिप से अवैध हथियार व नशीले पदार्थों की तस्करी
Smuggling: जोधपुर. अवैध पिस्तौल व देसी कट्टा और 14 जिंदा कारतूस के साथ बनाड़ थाना पुलिस की गिरफ्त में आने वाला युवक न सिर्फ हथियार बल्कि मादक पदार्थ तस्करी में भी लिप्त रहा है। मौके से फरार होने वाला युवक प्रमुख तस्कर है और वह पकड़ में आने वाले युवक को कार के प्रत्येक चक्कर (ट्रिप) के लिए 15 हजार रुपए देता था। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने यह खुलासा किया।
पुलिस के अनुसार सारण नगर में कार वॉशिंग गैराज में दबिश देकर शुक्रवार को बिना नम्बर की कार में चालक सीट पर बैठे सुभाष बिश्नोई को गिरफ्तार किया गया था। अशोक मौके से फरार हो गया था। सुभाष से एक पिस्तौल व पांच कारतूस से लोडेड मैग्जीन व पांच अन्य कारतूस जब्त किए गए थे। कार के डैश बोर्ड पर प्लास्टिक थैली से एक देसी कट्टा व चार जिंदा कारतूस और एक मोबाइल जब्त किए गए थे। सुभाष ने देसी कट्टा व जिंदा कारतूस व मोबाइल अशोक के होने की जानकारी दी थी।
आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर दोनों हथियार व 14 जिंदा कारतूस जब्त किए गए। सुभाष बिश्नोई को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि वह अशोक के लिए काम करता है। जो हथियार के साथ-साथ डोडा पोस्त व अफीम की तस्करी में लिप्त है। कार में हथियार व मादक पदार्थ लेकर आने के प्रत्येक ट्रिप के बदले अशोक उसे 15 हजार रुपए देता था।
जांच कर रहे एएसआइ तेजाराम ने बताया कि प्रकरण में गिरफ्तार डांगियावास थानान्तर्गत गोयतों की ढाणी निवासी सुभाष उर्फ पिंटू पुत्र नेनाराम बिश्नोई को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के रिमाण्ड पर भेजने के आदेश दिए गए। मौके से फरार होने वाला जुड निवासी अशोक पुत्र हड़मानराम लोल पकड़ में नहीं आ सका है।
Published on:
26 Jun 2022 02:20 pm
