
एसओजी ने डेकॉय ऑपरेशन कर रीट परीक्षा में अच्छे नम्बर दिलाने की एवज में सौदा करते एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार
जोधपुर. स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने रीट परीक्षा में नम्बर बढ़ाने की एवज में सौदा करने वाले एक व्यक्ति को बुधवार को मेडिकल कॉलेज चौराहे के पास पकडक़र शास्त्रीनगर थाना पुलिस को सुपुर्द किया। उसे डेकॉय ऑपरेशन के जरिए चिल्ड्रन बैंक वाले दो-दो हजार के 25 नोट लेते पकड़ा गया। पुलिस व अन्य गुप्तचर एजेंसियां आरोपी से पूछताछ कर रही है।
एसओजी सूत्रों के अनुसार २६ सितम्बर को होने वाली रीट परीक्षा में नकल की रोकथाम व गैंग की धरपकड़ के लिए संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है। इसी के तहत मूलत: बिलाड़ा हाल खोखरिया में त्रिवेणी नगर निवासी मनोहरसिंह (४०) पुत्र पारसराम कुमावत की गतिविधियां संदिग्ध नजर आई। उसके रीट परीक्षार्थियों को पास करवाने की एवज में रुपए एेंठने की सूचना मिली। इस पर एसओजी ने जैसलमेर निवासी ओमप्रकाश को उससे सम्पर्क कराया। ओमप्रकाश ने अपने भाई लक्ष्मणराम को रीट परीक्षा में पास करवाने के लिए बात की। मनोहरसिंह ने उसे अच्छे नम्बर दिलाने का झांसा दिया और बुधवार को रुपए देने के लिए जोधपुर बुलाया। ५० हजार रुपए पहले और ५० हजार रुपए परीक्षा में पास होने पर देने थे।
निरीक्षक जब्बरसिंह के नेतृत्व में एसओजी ने दबिश देकर मनोहरसिंह को पकड़ लिया। उससे एसओजी निरीक्षक के हस्ताक्षरशुदा दो-दो हजार के २५ नोट बरामद किए गए। गुप्तचर एजेंसियों ने भी उससे पूछताछ की। आरोपी मनोहरसिंह कथित पत्रकार भी है। आरोपी ने किन्हीं और अभ्यर्थियों से वसूली की है या नहीं, इस संबंध में पूछताछ की जा रही है।
Published on:
22 Sept 2021 06:59 pm
